
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :- सडक़,शिक्षा,स्वास्थ्य, बिजली,पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से मुहैया कराने के साथ प्रदेश की संवेदनशील भूपेश सरकार हर वर्ग के हित के लिए सराहनीय कार्य कर रही है।गाँव में पक्की सडक़ का निर्माण होने से जहां आवागमन में सहूलियत होगी वहीं विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

उक्त बातें सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त भरतपुर- सोनहत विधायक गुलाब कमरो ने विधानसभा क्षेत्रांतर्गत 2 बहुप्रतीक्षित सडक़ निर्माण हेतु राज्य शासन द्वारा 98 लाख 63 हजार रूपए की राशि मंजूर किए जाने पर कही।बता दें कि विधायक कमरो की पहल पर राज्य शासन भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत ताराबहरा के मरौरटोला में पहुंच मार्ग लंबाई 1070 मीटर सीसी रोड निर्माण कार्य हेतु 49 लाख 48 हजार रूपए एवं ग्राम पंचायत अक्तवार से जोगियानपारा तक लंबाई 1 हजार मीटर सीसी रोड निर्माण हेतु 49 लाख 15 हजार रूपए मंजूर किए गए हैं।ताराबहरा के मरौरटोला में पहुंच मार्ग तथा ग्राम पंचायत अक्तवार से जोगियानपारा तक ग्रामीणों के द्वारा लंबे समय से पक्की सडक़ की मांग की जा रही थी।

कच्ची सडक़ होने की वजह से यहां बरसात के मौसम में कीचड़ से लबरेज सडक़ से गुजरने में ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।जनसंपर्क एवं चौपाल कार्यक्रम में विधायक कमरो ने ग्रामीणों को पक्की सडक़ के लिए भरोसा दिलाया था।राशि मंजूर होने के बाद अब पक्की सडक़ का निर्माण होने से ग्रामीण जहां सहजतापूर्वक आवागमन कर सकेंगे,वहीं क्षेत्र में विकास को भी गति मिलेगी। शासन द्वारा सडक़ के लिए राशि मंजूर किए जाने पर ग्रामवासियों ने प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं क्षेत्रीय विधायक गुलाब कमरो के प्रति आभार व्यक्त किया है।विधायक गुलाब कमरो का कहना है कि भूपेश सरकार के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र सहित समूचे प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है।राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंच रहा है। जनता की आवश्यक और जायज मांगों को एक-एक कर पूरा करने सरकार दिन-रात कार्य कर रही है।उन्होंने विश्वास दिलाया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ एक बार फिर हमारी सरकार बनेगी और सरकार के नेतृत्व में संपूर्ण प्रदेश में विकास की गति निरंतर जारी रहेगी।विधायक कमरो ने क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री ताम्रध्वज साहू के प्रति आभार व्यक्त किया है।
