सुरेन्द्र मिनोचा
केल्हारी :- वनांचल क्षेत्र केल्हारी में पहली बार महादेव के भक्तों ने कांवर यात्रा निकाल,शिवालयों में जल अर्पित किया एवं सुख समृद्धि,लोक कल्याणार्थ हेतु पूजा पाठ कर डीजे के धुन में मस्त नाचते झूमते नजर आए।भगवान भोलेनाथ के पवित्र सावन मास के चौथे सोमवार को केल्हारी में पहली बार कांवर यात्रा की शुरुआत हुई।

सुबह आठ बजे से ही श्रद्धालु भक्तजन केल्हारी स्थित बरने नदी के पास एकत्रित होना शुरू हो गए।भगवा रंग में रंगे जय जय भोलेनाथ, हर हर महादेव के नारों के साथ कांवर में जल भरकर पैदल यात्रा के जरिए शिवालयों की ओर सैकड़ों कांवरियों की यात्रा निकली।डीजे गाजे बाजे के साथ शिव भक्ति में डूबे कांवरिया नाचते झूमते हर गली चौराहे से होते हुए केल्हारी के सभी मंदिरों में जल चढ़ाते भगवान भोलेनाथ की सेवा में जुटे दिखाई दिए।

श्री राम सेवा समिति द्वारा कांवरियों तथा आमजन के लिए देवी तालाब के पास स्थित शिवालय में प्रसाद और शरबत की व्यवस्था की गई थी।तो वहीं रेंजर केल्हारी राम सागर कुर्रे द्वारा सभी कांवरियों को भोजन प्रसाद ग्रहण कराया गया।लोगों ने कहा कि केल्हारी में पहली बार कांवर यात्रा की शुरुआत हुई है,जिसमे सभी ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।रेंजर केल्हारी रामसागर कुर्रे द्वारा की गई इस पहल के लिए स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
