
सुरेन्द्र मिनोचा
एमसीबी :- सीधी में आदिवासी व्यक्ति के साथ शर्मनाक घटित घटना के विरोध में एस.टी.,एस.सी., ओ.बी.सी. महासंघ, जिला एमसीबी ने मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन एवं राज्यपाल के नाम एमसीबी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उचित कार्यवाही किए जाने की मांग की है। कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में संघ ने उल्लेखित किया है कि मध्यप्रदेश के जिला सीधी में एक आदिवासी व्यक्ति के ऊपर प्रवेश शुक्ला नामक व्यक्ति के द्वारा पेशाब किए जाने की घटना सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुई है।इस शर्मनाक कुकृत्य घटना की एस.टी.एस.सी. ओ.बी.सी. महासंघ जिला-एम.सी.बी. छ.ग. कड़े शब्दों में घोर निन्दा करता है। यह कृत्य तथाकथित सभ्य समाज का अत्यंत क्रूर शर्मनाक और पाश्विक आचरण का परिचायक है।आरोपी प्रवेश शुक्ला भाजपा का कार्यकर्ता है,पीड़ित व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ्य और जनजाति समाज से तालुकात रखता है,तथाकथित उच्च वर्ग और सभ्य समाज का यही चाल और चरित्र है।

इस घटना से संपूर्ण आदिवासी समाज अपने आपको घोर अपमानित महसूस कर रहा है।महासंघ मांग करता है कि आरोपी को तत्काल जेल भेज कर कठोर से कठोर कार्यवाही की जाए।जनजातियों के प्रति सदियों से तथाकथित स्वर्ण समाज पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर अमानुषिक व्यवहार करते आया है,जो आज भी बदस्तूर जारी है।आज एक तरफ सम्पूर्ण देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है।दूसरी तरफ ऐसी घटनाओं से जाहिर होता है कि भाजपा कार्यकर्ताओं का आदिवासियों के प्रति कितना निकृष्ट सोच और घृणित नस्लवादी विचार है।आजाद भारत के ऐसे रुग्ण मानसिकता से ग्रसित लोग राष्ट्रीय और कौमी सद्भावना के लिए बहुत बड़े कलंक है। इसलिए संघ ऐसे व्यक्ति के विरुद्ध उचित कार्यवाही किए जाने की मांग करता है।
