11 फिट के अजगर ने 3 खरगोशों को बनाया अपना निवाला।

सुरेन्द्र मिनोचा
एमसीबी:- जिले के वनांचल क्षेत्र जनकपुर में बरसात का मौसम आते ही सांपों के निकलने का सिलसिला शुरू हो गया है। मंगलवार की सुबह जनकपुर के बाजार पारा स्थित एक घर में लगभग 60 किलो वजनी 11 फीट का अजगर निकल गया जिसने 3 खरगोशों को अपना शिकार बना लिया था। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम द्वारा रेस्क्यू कर विशालकाय अजगर को जंगल में फिर से छोड़ दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनकपुर के बाजार पारा में रहने वाले रजनीश श्रीवास्तव ने अपने घर पर खरगोश पाल रखे थे।

मंगलवार की सुबह जब वह खरगोशों को खाना देने के लिए कच्चे मकान में गया तो उसने देखा कि वहां एक विशालकाय अजगर कुंडली मारे बैठा हुआ है। अजगर ने तीन खरगोशों को भी अपना शिकार बना लिया था। घर में इतने बड़े और विशालकाय अजगर को देखने पर उसने तत्काल घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी जिसके बाद आसपास के लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। मामले की जानकारी मिलने के बाद भी जनकपुर वन परिक्षेत्र का अमला लगभग 2 घंटे बाद मौके पर पहुंचा और अजगर को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया।
ज्ञात हो कि लगातार हो रही बारिश सरीसृपों को उनके प्राकृतिक आवास से विस्थापित कर देती है जिससे उन्हें मानव आबादी वाले क्षेत्रों में आश्रय लेना पड़ता है।जनकपुर भरतपुर में रहवासी इलाकों में निकलने वाले जंगली जीव और सरीसृपों को वन विभाग की टीम पकड़कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ती है। वन विभाग की टीम ने सभी शहरवासियों से सहयोग की अपील की है ताकि इन जीवों का संरक्षण हो सके।