एक दिवसीय वृक्षारोपण कार्यक्रम हनुमान शक्ति सिद्ध आश्रम टेंगनाबासा में हुआ संपन्न l 

छुरा :- जलवायु परिवर्तन के इस दौर में तप्त मौसम, भीषण गर्मी , वर्षा की अनिश्चितता से जन सामान्य बीते कुछ समय से परेशान नजर आते हैं इसका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष कारण वन विनाश और औद्योगिकीकरण को मान सकते हैं पहले के समय में वर्षा काल शीत ऋतु,बसंत और ग्रीष्म काल का समय निश्चित रहता था लेकिन आज के परिवेश में इनका समयावधि व निश्चित दिन तिथि निर्धारित करना असंभव सा नजर आता है

इन्हीं कारणों को देखते हुए विकासखंड छुरा व पूरे गरियाबंद जिले में अपने सामाजिक ,धार्मिक,और आर्थिक क्रियाकलापों के नाम से शाकंभरी सेवा संस्थान के तत्वाधान में एक दिवसीय वृक्षारोपण का कार्यक्रम समाजसेवी मां शाकंभरी सेवा संस्थान के संस्थापक मनोज पटेल व उनकी टीम के द्वारा आयोजित किया गया। जिसमें बादाम, आंवला, जामुन, कटहल, और आम जैसे पौधों का रोपण हनुमान शक्ति सिद्ध आश्रम के प्रांगण में समस्त अतिथियों के कर कमलों से किया गया। और इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी ग्रामीणों को पौधों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर छुरा थाना के नवपदस्थ टी आई भोला सिंह राजपूत, ग्राम पंचायत टेंगनाबासा के सरपंच राजकुमारी समाज सेवी मनोज पटेल, रौशन देवांगन, हनुमान शक्ति सिद्धाश्रम के संचालक संत खिलेश्वरी शरण, संत मारूती नंदन, गिरधर महाराज, किशोर कोठारी, हीरालाल सिन्हा, लुकेश्वर ध्रुव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर छुरा थाना प्रभारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित हैं जो अपने स्तर पर अपना कार्य कर रही है और सरकार के साथ साथ शाकम्बरी सेवा संस्थान जैसे सामाजिक संगठनों का भी इस दिशा में पहल करना सराहनीय है, क्योंकि हम देख सकते हैं कि आज के समय में जिन स्थानों पर हरियाली हैं उन स्थानों पर जीवन कितना सहज है और जहां पेड़ पौधों की कमी है वहां कितना मुश्किल है, आगे जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि आप न सिर्फ पेड़ लगाएं बल्कि साथ साथ पहले से लगे पेड़ों को भी बचाएं, इसी संदेश के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।