नवचेतना युवा मंच राजिम के द्वारा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन

राजिम, नवचेतना युवा मंच के तत्वावधान में पंडित रामबिशाल पाण्डेय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में कल अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजिम के प्रभारी प्राचार्य व चीफ ऑफिसर एनसीसी जे.एस.साहू की सेवानिवृत्ति के अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय ज्योतिषाचार्य एवं संपादक डॉ. गिरधर शर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं जे.एस. साहू की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। माँ शारदे की पूजा-अर्चना अतिथियों एवं पंडित अशोक शर्मा द्वारा की गई। तत्पश्चात कटनी के हास्य कवि रवि चतुर्वेदी के संचालन में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। जिसमें आजाद वतन वर्मा, सतना (वीर रस), हेमंत बसंत मोहरे, नागपुर (ग़ज़ल/ गीत), सुधा शर्मा, राजिम (गीत), काशी पुरी कुंदन, राजिम (हास्य व्यंग्य), रामेश्वर शर्मा, रायुपर, नूतन लाल साहू तथा सुरेश बंजारे ने अपनी रचनाओं से रसों की छँटा बिखेर दिए।
नवचेतना युवा मंच के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन मंच के संस्थापक सागर शर्मा द्वारा किया तथा कवि सम्मेलन का संयोजन काशी पुरी कुंदन द्वारा किया गया एवं नव चेतना युवा मंच के प्रेरणा स्रोत शरद शर्मा द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। उक्त कार्यक्रम का आनंद उठाने के लिए शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग एवं अन्य विभागों, संस्थाओं एवं समितियों से सैकड़ों की संख्या में आमंत्रित गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण व साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
