करनाल:-बिन्दर शर्मा इन्द्री

करनाल :- पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए जिला पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (सीआईए टू) की टीम द्वारा नरेश वासी अमृतपुर कलां की नहर में फेंककर हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट इंचार्ज निरीक्षक मोहनलाल, एएसआई विकास कुमार व सहयोगी टीम द्वारा दिनांक 14 जून 2023 को आरोपी 1. कुलदीप पुत्र धर्मपाल 2. मदन पुत्र धर्मपाल 3. संदीप पुत्र यशपाल व 4. आजाद पुत्र कृष्ण लाल वासियान गांव अमृतपुर कलां जिला करनाल को विश्वसनीय सूचना के आधार पर अमृतपुर कला से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को कल दिनांक 15 जून 2023 को पेश अदालत करके एक दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया। इस वारदात के संबंध में मृतक नरेश के पिता संतलाल पुत्र नेबराज वासी अमृतपुर कलां जिला करनाल ने पुलिस चौकी मंगलौरा में एक शिकायत दी। जिसमें उसने बताया कि दिनांक 30 मई 2023 को दोपहर के समय उसका लड़का नरेश कुमार बिना बताए घर से कंही चला गया। इस संबंध में थाना मधुबन में मुकदमा नम्बर 209 दिनांक 1 जून 2023 धारा 346 भा.द.स. के तहत मामला दर्ज किया गया। दौराने तफ्तीश दिनांक 12 जून 2023 को मृतक नरेश का शव पिचौलिया नहर हैड से बरामद हुआ। शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया था। मामले की गहनता व प्रभावी तरीके से जांच की गई तो मामलें सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपरोक्त आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। रिमाण्ड अवधि के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की गई। आरोपियों से पूछताछ व अन्य विश्वसनीय साक्ष्यों के आधार पर जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी कुलदीप का मृतक की पत्नी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी कुलदीप व मृतक की पत्नी के प्रेम प्रसंग के बारे में करीब एक साल पहले मृतक व उसके परिजनों को पता चल गया था। आरोपी कुलदीप ने इसी बात की रंजिश रखी हुई थी और मृतक को अपने रास्ते से हटाने की ठान रखी थी। आरोपी कुलदीप राजमिस्त्री के काम की ठेकेदारी करता है और बाकि तीनों आरोपी मदन, संदीप व आजाद उसके साथ काम करते हैं। आरोपी कुलदीप ने अन्य आरोपियों को कह रखा था कि जब भी मौका मिले तो नरेश उपरोक्त को जान से मारना है। आरोपियों ने पूर्व नियोजित तरीके से दिनांक 30 मई को गांव अमृतपुर कलां में नरेश के साथ शराब पी। उसके बाद आरेापी उसे मोटरसाईकिल पर बिठाकर करनाल लेकर आ गए और करनाल में उसे फिर और ज्यादा शराब पिलाई। जब नरेश शराब का अत्यधिक सेवन करने के कारण नशे में धुत हो गया तो आरोपियों ने उसे मोटरसाईकिल पर बिठाया और उसके कपड़े बगैरहा उतारकर नशे की हालत में उसे घोघडीपुर के पास डब्ल्यूजेसी नहर में फेंक दिया। आरोपियों ने नरेश के कपड़े इसलिए उतारे थे ताकि उसके शव की पहचान ना हो सके और वह बड़ी आसानी से बच जांए। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दो मोटरसाईकिल व दो मोबाइल फोन बरामद किए गए है। सभी आरोपियो को आज पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
