
राजिम :- भाजपा नेता एवं गरियाबंद जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू ने राजिम स्थित शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय में संचालित सभी संकायों की सीटों में वृद्धि तथा क्षेत्र में पॉलिटेक्निक, आईटीआई व लॉ कॉलेज खोलने की मांग को लेकर छग के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल को पत्र लिखकर क्षेत्रवासियों की माँग से अवगत कराया है। उन्होंने अपने मांगपत्र में कहा है कि राजिम स्थित शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सबसे बड़ी संस्था है यहाँ दूर दूर के विद्यार्थीगण प्रवेश लेने आते हैं लेकिन विभन्न संकायों में सीटों की कमी के चलते अनेक महाविद्यालयीन छात्र छात्राएं प्रवेश से वंचित रह जाते हैं।

इस महाविद्यालय में बीए की 320 सीटें, बीकॉम की 90, बीएससी की 120, बीएससी गणित की 60 तथा डीसीए व पीजीडीसीए की 40-40 सीटें उपलब्ध हैं जो अपर्याप्त है। चूंकि यह क्षेत्र पूर्णतः कृषि प्रधान क्षेत्र है और पालकों को अपने बच्चों को बाहर पढ़ाई करने हेतु भेजने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। तथा सीटें कम होने के कारण बच्चे निजी महाविद्यालयों में प्रवेश हेतु विवश हो जाते हैं। इसके अलावा क्षेत्र में लॉ कॉलेज, आईटीआई व पॉलिटेक्निक कॉलेज की महती आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसलिए क्षेत्र के पालकों व बच्चों की समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय राजिम में सभी संकायों की सीटों में वृद्धि करने व क्षेत्र में पॉलिटेक्निक, आईटीआई तथा लॉ कॉलेज अतिशीघ्र प्रारंभ किए जाएं।
