
फिंगेश्वर :- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिजली में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजा अर्चना के साथ किया गया। तत्पश्चात शाला परिसर में अशोक, अमरूद, नीबू एवं आंवला के पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य पूरन लाल साहू ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पहली बार 1972 में संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा मनाया गया। प्रकृति की सुरक्षा और पर्यावरण का संरक्षण के उद्देश्य से प्रतिवर्ष विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है।विश्व पर्यावरण दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य दुनियाभर के लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना है। लोगों को पर्यावरण प्रदूषण, जलवायु प्रदूषण, ग्रीन हाउस के प्रभाव, ग्लोबल वार्मिंग, ब्लैक होल इफेक्ट आदि ज्वलंत मुद्दों और इनसे होने वाली विभिन्न समस्याओं के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने आगे कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन के संतुलन के साथ ही प्रकृति की संतुलन को भी बनाए रखते हैं। पेड़-पौधे से ही प्रकृति की सुंदरता परिलक्षित होती है। सांसद प्रतिनिधि लिखन निषाद ने कहा कि पेड़ पौधों का मानव जीवन में बड़ा महत्व है।पेड़-पौधे से हमें फल-फूल, लकड़ी, छाया, जड़ी-बूटियां व ऑक्सीजन मिलता है। घर के आसपास पौधारोपण करने से गर्मी, भू क्षरण, धूल आदि की समस्या से बच सकते है। इस मौके पर संस्था के प्राचार्य पूरन लाल साहू, सांसद प्रतिनिधि लिखन निषाद, रेखू निषाद सहायक ग्रेड 03 अविनाश साहू, भृत्य आकाश सूर्यवंशी, छात्रा रितु सेन, त्रिवेणी पटेल एवं स्वीपर यशवंत साहू उपस्थित थे।
