
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़:- शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते, बल्कि जब तक रहते हैं, तब तक समाज को शिक्षा के दीप से रोशन करते रहते हैं। शिक्षक मनोहर लाल खियानी ने शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया है। 31मई को वे सरकारी सेवा से निवृत्त हो गए हैं। लेकिन उनकी सेवा समाज को हमेशा मिलती रहेगी । उक्त बातें जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने बुधवार 31 मई को व्याख्याता मनोहर लाल खियानी के विदाई समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा जो शिक्षक अपनी जिम्मेदारियां ईमानदारी पूर्वक निभाते हैं, वे सभी जगह पूजनीय,आदरणीय व वंदनीय होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक को हमेशा ईमानदारी से काम करना चाहिए। खियानी एक कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार शिक्षक रहे हैं। हम आशा करते हैं कि सेवानिवृत्ति उपरांत भी अपने अनुभवों से शिक्षा जगत को लाभान्वित करते रहेंगे। सभा को उपस्थित शिक्षकों एवं अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। विद्यालय परिवार द्वारा सेवानिवृत्त हुए व्याख्याता को सामग्री भेंट की गई। मनोहर लाल खियानी व्याख्याता के पद से 31.5-2023 को 36 वर्ष की सेवा उपरान्त सेवा निवृत हुए। मनेन्द्रगढ़ में 25 मई 1961को जन्मे खियानी बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि के थे यही वजह थी कि उन्होंने शिक्षक के कार्य को एक पेशे के रूप में नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी के रूप में निर्वहन किया।अपने सेवा काल में प्रा. शाला लोहारी, केलुआ ,बी. सीम , तेंदूडांड,नागपुर आदि स्थानों पर प्राथमिक शाला से लेकर उच्चतर माध्यमिक शाला तक का सफर तय करते हुये अपने कर्तव्य के प्रति पूर्णत: समर्पित रहे। खियानी शासकीय कन्या उत्तर माध्यमिक शाला मनेंद्रगढ़ में संस्कृत विषय के व्याख्याता रहे परन्तु अंग्रेजी,गणित एवं सामाजिक विज्ञान विषय पर भी इनकी विशेष दक्षता थी।शैक्षणिक कार्य के साथ छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल परीक्षा एवं विभिन्न प्रकार के छात्रवृत्ति जैसे जटिल कार्य को भी श्री खियानी आसानी से संपन्न करते थे।शासकीय सेवा 1नवंबर 1985 में प्रारंभ कर 31मई 2023 को वे सेवानिवृत्त हुए,सेवानिवृत्ति के साथ ही खियानी का पेंशन आदेश भी स्वीकृत हो गया है, जिसे कलेक्टर एमसीबी नरेंद्र दुग्गा ने कलेक्टर कार्यालय में प्रदान किया।इस अवसर पर जिला अधिकारी अजय मिश्रा, कोषालय अधिकारी सराफ द्वारा बधाई एवं शुभकामना दी गई,विदाई समारोह के अवसर पर प्राचार्य सत्येन्द्र सिंह,सेवा प्रारंभ के 1984 से साथ रहे नारायण कुमार तिवारी, टी वी गोपाल राव,राजीव मोनी, सतीश उपाध्याय, रामरक्षा द्विवेदी, निहारिका सिंह, शिव पैकरा, संतोषी ने अपनी शुभकामना देते हुए खियानी के उज्जवल भविष्य की कामना की।
