ग्रामीण किसानों की बरसों पुरानी मांग हुई पूरी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में ग्राम चेरपाल में लैम्प्स का हुआ शुभारंभ।

बीजापुर:- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुसार ग्रामीणों एवं किसानों को खेती-किसानी के जरिए आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने एवं खेती-किसानी से हर संभव मदद के लिए जिला प्रशासन प्रयास कर रही है बीजापुर ब्लाक के सहकारी समिति गंगालूर अर्न्तगत 6 ग्राम पंचायतों सहित 13 गांव के किसानों की बहुप्रतीक्षित मांग थी कि उनका लैम्प्स चेरपाल में खुले ग्रामीण किसानों की मांग पर तत्परतापूर्वक कलेक्टर  राजेन्द्र कुमार कटारा ने संज्ञान लेते हुए ग्राम पंचायत चेरपाल में लैम्प्स खोलने के निर्देश दिए एवं 29 मई 2023 को उपसरपंच एवं समिति के सदस्यों सहित ग्रामीण जन एवं किसानों की उपस्थिति में चेरपाल में लैम्प्स कार्यालय का शुभारंभ किया गया।
उक्त लैम्प्स ग्राम पंचायत पदेड़ा का है जो ग्राम पंचायत गंगालूर में संचालित हो रहा था जिसमें ग्रामीणो की खेती-किसानी के लिए खाद-बीज, किसान क्रेडिट कार्ड सहित अन्य विभागीय योजनाओं से लाभान्वित होने गंगालूर के समिति पर निर्भर रहना पड़ता था। ग्राम पंचायत चेरपाल में नवीन लैम्प्स खुलने से 6 ग्राम पंचायत सहित 13 गांवो के 7 सौ से अधिक किसानो को प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा। वहीं खाद-बीज के लिए नजदीक में ही सुविधा प्राप्त होगी। ग्राम पंचायत चेरपाल के उप सरपंच  गोपाल पुजारी ने बताया कि गंगालूर मे लैम्प्स होने से यहां के किसानों को बहुत कठिनाईयों का सामना करना पड़ता था क्योकि गंगालूर मे तीन लैम्प्स संचालित हो रहा था। जिसमें गंगालूर, पीडीया एवं पदेड़ा (चेरपाल) तीन-तीन लैम्प्स संचालित होने से किसानो की संख्या ज्यादा होने पर समय पर खाद-बीज मिलने में बहुत समस्याओ का सामना करना पड़ता था अब आसानी से किसानो की समस्याओ समाधान सुनिश्चित हो सकेगा। वहीं धान खरीदी के दौरान भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इस अवसर पर उप सरपंच  गोपाल पुजारी सहित समिति के अध्यक्ष  दिलीप पुनेम, जिला यूनियन के अध्यक्ष  चंदरू पेरमा, सहकारी समिति के सदस्य नारायण पुजारी, शिव प्रसाद वाचम, बुचैया कुड़मूल, लक्षमैया मुनीर, राजेश पुजारी, कृष्णा पसपुल, नागैया पुजारी धान खरीदी प्रभारी गंगालूर छोटे लाल हेमला, ऑपरेटर शैलेश समरथ सहित ग्रामीणजन एवं किसान उपस्थित थे। किसानों ने नवीन लैम्प्स खुलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए क्षेत्रीय विधायक  विक्रम शाह मंडावी एवं कलेक्टर  राजेन्द्र कुमार कटारा का आभार व्यक्त किया।