कोविड-19 को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद अधिकारी कर्मचारियों को मास्क लगाकर आना होगा कार्यालय सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क  वालों से वसूली जाएगी अर्थदंड

कोविड-19 को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद
अधिकारी कर्मचारियों को मास्क लगाकर आना होगा कार्यालय
सार्वजनिक स्थानों पर बिना मास्क  वालों से वसूली जाएगी अर्थदंड


गरियाबंद । कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाते हुए बिना मास्क पहने लोगों से अर्थदंड वसूलने का निर्णय लिया है । हालाकि अर्थदण्ड वसूलने का अभियान लगातार जारी है लेकिन इसे और तेज किया जायेगा। आज राज्य शासन के मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के परिपालन में जिला प्रशासन द्वारा कोविड-19 के संक्रमण के रोकथाम के लिए उपाय को ध्यान में रखकर किया गया है। कलेक्टर श्री निलेश क्षीरसागर ने बताया कि बुधवार से जिला कार्यालय में प्रवेश द्वार पर चेकिंग पॉइंट बनाएं जाएंगे  ।साथ ही एक टीम आने जाने वालों की मॉनिटरिंग करेगी । सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने सभी अधीनस्थ कर्मचारी मास्क पहनना सुनिश्चित करें।  वे अनिवार्य रूप से मास्क लगाए साथ ही कार्यालय में आने वाले लोगों भी मास्क लगाने प्रेरित करें । कलेक्टर ने बताया जिले के  पूरे तहसील और जनपद क्षेत्रों में भी यह अभियान चलाया जाएगा  ।तहसील और नगरीय क्षेत्रों में तहसीलदार, थानेदार और सीएमओ द्वारा निरीक्षण किया जाएगा और बिना  मास्क वालों से अर्थदंड वसूला जाएगा  ।इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनपद सीईओ, तहसीलदार और थानेदार द्वारा बिना मास्क वालों से अर्थदंड वसूला जाएगा ।  उन्होंने बताया कि हाट बाजारों और सार्वजनिक स्थलों,दुकानों में भी विशेष रुप से निगरानी रखी जाएगी  । इसके अलावा यात्री बसों में सफर करने वाले लोगों को भी मास्क पहनना अनिवार्य होगा । बस मालिक ,ड्राइवर, कंडक्टर को इस  संबंध में निर्देशित किया गया है कि वे यात्रियों को  मास्क के साथ ही वाहन में  बिठाए और स्वयं भी मास्क लगाकर वाहन चलायें ।