करनाल:- बिंदर शर्मा इंद्री
करनाल:- पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए जिला पुलिस के थाना तरावडी की टीम द्वारा विदेश भेजने के नाम पर धोखाधडी करके 32 लाख रूप्ये ठगने की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। कल दिनांक 17 मई 2023 को उप निरीक्षक कर्मबीर सिंह थाना तरावडी की अध्यक्षता में टीम द्वारा आरोपी राजीव दत्ता पुत्र सुशील दत्ता वासी एकता कॉलोनी जिला पटियाला पंजाब को पटियाला से गिरफ्तार करके लाया गया। आरोपी से प्रारम्भिक पूछताछ के आधार पर जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले काफी समय से लोगों को विदेश का काम करता है। आरोपी ने बताया कि लोगों को विदेश भेजने की उनकी एक चैन बनी हुई है। वह लोगों से पैसे व उनके कागजात लेकर आगे दूसरे एजेंट को देता था और दूसरा एजेंट अन्य एजेंट को पैसे व कागजात सौंप देता है। सभी एजेेंट अपना- अपना कमीशन काटकर पैसे व कागजात अगले एजेंट को दे देते थे। जिसके कारण कई बार अंतिम एजेंट को तय मुताबिक पैसे नही मिल पाते थे, तो वह लोगों को बीच में ही किसी अन्य देश में छोड देता था और उस व्यक्ति को उसके लक्षित देश तक नही पंहुचाता था। उस व्यक्ति को मानसिक व शारीरिक तौर पर प्रताड़ित किया जाता था और उसको ब्लैकमेल कर उसके घरवालों से और ज्यादा पैसो की मांग की जाती थी। आखिरकार विदेश जाने वाला व्यक्ति आरोपियों के चंगुल से उनकी प्रताड़ना से किसी तरह से बचकर स्वदेश लौट आता था। इस वारदात के संबंध में शिकायतकर्ता बलविन्द्र कौर वासी गांव शेखनपुर जिला करनाल ने दिनांक 3 जनवरी 2023 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक शिकायत दी। जिसमें उसने बताया कि उसने अपने लडके सुरजीत को अमेरिका भेजने के लिए अपने एक रिस्तेदार के माध्यम से आरोपी राजीव दत्ता उपरोक्त व उसकी पत्नी प्रीति ठाकुर दत्ता से पटियाला में उनके स्टडी विजिटर पीआर सोल्यूशन एण्ड वीजा ड्रीम्स प्लानर, पटियाला नाम के ऑफिस में आरोपियों से सम्पर्क किया और सुरजीत को अमेरिका भेजने के लिए 30 लाख रूप्ये में बात तय हो गई। जिसके बाद जनवरी 2021 में शिकायतकर्ता ने अपने लड़के के कागजात व कुछ रूप्ये आरोपियों को दे दिए। एक साल बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने उसके लडके को अमेरिका नही भेजा। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपियों पर दबाव बनाया तो आरोपियों ने सुरजीत उपरोक्त को फरवरी 2022 में सर्बिया भेज दिया और काफी समय तक सर्बिया में ही ठहरा कर रखा। काफी समय गुजर जाने के बाद भी आरोपियों सुरजीत को अमेरिका नही भेजा बल्कि वंहा पर मौदूज डौंकरों ने उसको प्रताड़ित करना व उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जिसके बाद सुरजीत किसी तरह से डौंकर के चंगुल से बचकर भारत वापिस आ गया। इस दौरान आरोपियों ने अलग-2 समय पर बहाने से शिकायतकर्ता से 32 लाख रूप्ये हड़प लिए थे। जब शिकायतकर्ता ने आरोपियों से अपने पैसे वापिस मांगे तो आरोपियों ने उसे पैसे देने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ थाना तरावडी में मुकदमा नम्बर 97 दिनांक 16 मार्च 2023 धारा 406, 420, 506 भा.द.स. व इमीग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को आज पेश अदालत करके दो दिन के पुलिस रिमाण्ड पर लिया गया है। दौराने रिमाण्ड आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी। दौराने रिमाण्ड आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता के लड़के का पासपोर्ट, अन्य कागजात व धोखाधडी की रकम को बरामद किया जाएगा और मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
