बेरोजगारी भत्ता योजना का लाभ लेने बालोद जिले के 8162 शिक्षित बेरोजगारों ने किया आवेदन।

 

बालोद/हाशिम कुरैशी

बालोद:- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप एवं निर्देशानुसार राज्य शासन की महत्वाकांक्षी बेरोजगारी भत्ता योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु बालोद जिला प्रशासन द्वारा मुस्तैदी के साथ कार्य किया जा रहा है। जिससे की इस योजना का लाभ बालोद जिले के सभी पात्र शिक्षित बेरोजगारों को मिल सके। बालोद जिला प्रशासन द्वारा किए गए सार्थक प्रयासों का परिणाम है की इस योजना का लाभ लेने हेतु पूरे प्रदेश में अबतक बालोद जिले के सर्वाधिक शिक्षित बेरोजगारों ने ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया है। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने बताया कि बालोद जिले के 8162 आवेदकों द्वारा संचालनालय, रोजगार एवं प्रशिक्षण के वेब पोर्टल के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन कर चूके हैं। जिसमें से अब तक कुल 4512 पात्र आवेदकों को बेरोजगारी भत्ता हेतु स्वीकृति दी जा चुकी हैं।उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप राज्य में शुरू की गई इस बेरोजगारी भत्ता योजना के माध्यम से पूरे राज्य के साथ-साथ बालोद जिले के बेरोजगारों के लिए सुखद भविष्य की राह खुलने वाली है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस योजना के अंतर्गत जिले के सभी पात्र शिक्षित बेरोजगार युवकों को प्रतिमाह 2500 रुपए बेरोजगारी भत्ता प्रदान करने के साथ-साथ उनके अभिरूचि के अनुसार कौशल विकास योजना से प्रशिक्षित कर उनके कौशल को और अधिक परिष्कृत एवं परिमार्जित किया जाएगा। जिससे वे हुनरमंद बनकर स्वरोजगार स्थापित कर सकेंगे। इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा बेरोजगार युवा-युवतियों को विभिन्न संस्थानों में रोजगार प्रदान करने हेतु सार्थक प्रयास भी किए जाएंगे। इस प्रकार यह योजना हमारे शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार प्रदान कर उनके भविष्य को सुरक्षित करने हेतु अत्यंत कारगार एवं महत्वाकांक्षी योजना है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार बालोद जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्राथमिकता के साथ-साथ इस योजना के अंतर्गत बालोद जिले के अधिकाधिक शिक्षित बेरोजगारों को लाभ दिलाने हेतु निरंतर कार्य किया जा रहा है। सत्यापन के दौरान आवेदकों द्वारा प्रस्तुत किए गए किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर अपील के लिए भी अवसर प्रदान किया जा रहा है। जिससे की जिले के शिक्षित बेरोजगार निर्धारित वांछित दस्तावेज प्रस्तुत कर इस योजना का लाभ ले सकें।