हर ब्लाॅक में बैठक लेंगे कार्यपालन अभियंता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी-कलेक्टर मौर्य

ग्रीष्मकाल में पेयजल संबंधी समस्याओं की समीक्षा के लिए
समय सीमा की बैठक में कोविड 19 के टीकाकरण पर भी कलेक्टर ने दिया बल
यशवंत गिरी गोस्वामी —- धमतरी — गर्मी के मौसम में धमतरी जिले के विभिन्न स्थलों में पेयजल की दिक्कतें ना हो, इसके लिए ब्लॉकवार समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर जय प्रकाश मौर्य ने समय सीमा की बैठक लेते हुए कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देशित किया है कि वे हर ब्लॉक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से वक्त लेकर बैठक आयोजित कर समीक्षा कर लें। इससे ग्रीष्मकाल में पेयजल संबंधी समस्या की जानकारी मिल सकेगी और यथासंभव निराकरण का प्रयास किया जाएगा। साथ ही समीक्षा के बाद इसकी रिपोर्टिंग करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिए हैं।
जल-जीवन मिशन अंतर्गत विकासखण्डों में स्कूल, आंगनबाड़ी, आश्रम, स्वास्थ्य केन्द्र इत्यादि शासकीय संस्थाओं में रनिंग वाॅटर संबंधी सर्वे कराया गया है। सर्वे के आधार पर नलजल योजना के तहत किए जाने वाले कार्यों की सूची बनाई गई है। कलेक्टर ने की बैठक में इन कार्यों को प्राथमिकता से ग्राम पंचायतों में कराए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए अगले दो दिनों में सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को पंचायत सचिवों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेने कहा है, ताकि पंचायत में फंड की उपलब्धता के अनुपात में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, आश्रमों में बोर, टंकी, पाइपलाइन की आवश्यकता की जानकारी मिल सके। बताया गया है कि इसके तहत शासकीय संस्थाओं में 1087 बोर खनन, 1255 टंकी और 1419 पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाना है।
बैठक में कोविड 19 टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अलावा सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अगले दो माह में 45 से 59 वर्ष की उम्र के को-मोर्बिड और 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को टीका लगाने केे तय एक लाख के लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने का संकल्प लेने कहा है। बताया गया कि प्रतिदिन औसतन दो हजार लोगों को कोविड 19 का टीका लगाया जा रहा है और प्रयास है कि अगले 30 कार्यदिवस में लक्ष्य की प्राप्ति कर ली जाए।
कलेक्टर ने जिले के विभिन्न ब्लॉक में आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय जनचौपाल शिविर के मद्देनजर सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को पूरी गंभीरता के साथ उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं को निराकृत करने के सख्त निर्देश दिए हैं। ज्ञात हो कि पहला जिला स्तरीय जनचौपाल शिविर नगरी के ग्राम घठुला में विगत शनिवार को आयोजित किया गया। इसी तारतम्य में अगला जिला स्तरीय जनचौपाल शिविर आगामी 27 मार्च को कुरूद के ग्राम कुल्हाड़ी में आयोजित किया जाएगा। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आहूत समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री/कलेक्टर जनचौपाल और प्रभारी मंत्री कार्यालय के लंबित आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा में आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मयंक चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर दिलीप अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अन्य अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिए ब्लाॅक स्तर के अधिकारी बैठक से जुड़े रहे।
