
मगरलोड :- धमतरी-एडीबी कंपनी द्वारा कुरूद मगरलोड से पांडुका, राजिम से धमतरी सड़क निर्माण एवं नाली निर्माण कार्य किया जा रहा है। मगरलोड में मुख्य चौक से लुगे मार्ग में नाली निर्माण में कंपनी के कर्मचारियों द्वारा भेदभाव कर नाली निर्माण किया जा रहा है। जिसे व्यापारियों में भारी आक्रोश है। ज्ञात हो कि ग्रामीण सोसायटी से मुख्य चौक तक नाली निर्माण में एक विशेष व्यापारी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नाली को टेढ़ा मेढ़ा कर बनाया जा रहा है। नाली निर्माण में सही मापदंड का पालन नहीं किया जा रहा है। जिसकी शिकायत को लेकर महा व्यापारी संघ मगरलोड द्वारा मुख्य चौक पर 13 अप्रैल को सभी दुकाने बंद कर धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। धरना स्थल पर उपस्थित एडीबी कंपनी के जिम्मेदार कर्मचारी को अवगत करा कर स्थल निरीक्षण किया गया। इसके बाद भी जिम्मेदार कर्मचारी ने व्यापारियों की समस्या को अनसुना कर दिया । आक्रोशित व्यापारियों ने नाली निर्माण में भेदभाव की समस्या को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में अपनी बात रखने की तैयारी में है। महा व्यापारी संघ अध्यक्ष दिनेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष यादराम गायकवाड़, सचिव सुखदेव साहू, कोषाध्यक्ष लोकेश कंसारी, सह सचिव राजेश साहू, घनश्याम साहू, युगल किशोर चंद्राकर, अजय साहू सहित समस्त व्यापारियों ने लिखित विज्ञप्ति जारी कर बताया कंपनी के कर्मचारी द्वारा नाली निर्माण के मापदंड का खुले उल्लंघन कर मुख्य चौक के पास भेदभाव कर टेढ़ा मेढ़ा बनाया जा रहा है। उक्त नाली निर्माण विवादित को सुधार नहीं किया गया तो महा व्यापारी संघ द्वारा कंपनी के विरोध में धरना प्रदर्शन सहित आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस संबंध में एडीबी कंपनी के ईई सर्पिता मैडम से मोबाईल फोन से चर्चा करने पर बताया कि महाव्यापारी संघ द्वारा की गई शिकायत का स्थल निरीक्षण करने पर शिकायत सही पाया गया। अतः मापदंड के अनुसार नाली को सीधा अतिशीघ्र बनाया जाएगा। किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जायेगा।
