सुरेन्द्र मिनोचा:
एमसीबी/कोरिया:- आप पार्टी के जिलाध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी का बड़े स्तर पर सदस्यता महा अभियान जारी है। पार्टी के इस सदस्यता महा अभियान में छत्तीसगढ़ की जनता बढ़ चढ़कर भाग ले रही है। पार्टी के पदाधिकारी-कार्यकर्ता प्रदेश के सभी जिलों, तहसील, ब्लॉक यहां तक की गांव-गांव में जाकर सदस्यता अभियान चला रहे हैं।
आलम यह है कि आज प्रदेश का सभी वर्ग आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ने के लिए आतुर है। हम बहुत जल्द अपने लक्ष्य को पूरा करेंगे। सदस्यता अभियान में ग्रामीण क्षेत्रों के लोग आम आदमी पार्टी पर अपना भरोसा और विश्वास जता रहे हैं। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी का सदस्यता अभियान छत्तीसगढ़ में आंधी की तरह चल रहा है। जिसमें एम. सी.बी.जिला के युवा कांग्रेस-बीजेपी का साथ छोड़कर “आप” के साथ जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ”आप” के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लगातार नए जुड़ने वाले सदस्यों को दिल्ली और पंजाब की जनता को मिलने वाली स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के कार्यों को बता रहे हैं। आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली और पंजाब की सरकार लगातार विकास के नए-नए आयाम गढ़ रही है।
सदस्यता महाअभियान में पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं और उनकी मेहनत जल्द ही रंग लाने वाली है। उन्होंने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की भूपेश सरकार को आम आदमी पार्टी उखाड़ फेंकने का काम करेगी। जिले में जिस तरह से जनता का अपार जनसमर्थन मिल रहा है उससे ये तो तय है कि आने वाले चुनाव में जनता जर्नादन कांग्रेस और भाजपा दोनो को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। रमाशंकर मिश्रा ने आगे कहा कि अब तक की सरकारों ने सिर्फ छत्तीसगढ़ की जनता के साथ छलावा किया। उनके साथ धोखा किया, उन्हें बरगलाकर उन्हें अपनी गंदी राजनीति का शिकार बनाया। अबतक प्रदेश में ‘धोखे की सरकार’ रही, लेकिन अब प्रदेश की जनता सब समझ गई है। उन्होंने कहा कि ‘धोखे की सरकार’ का अब प्रदेश से खत्मा होगा और भारी बहुमत के साथ 2023 में आम आदमी पार्टी की सरकार सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि हम स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार समेत मूलभूत सुविधाओं की समस्या को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं।
