
धमतरी :- धमतरी जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि बीरनपुर की घटना के बाद तथा उसके पहले कवर्धा की घटना के बाद से भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस का प्रचार तंत्र राज्य में झूठा दुष्प्रचार कर रहा है। प्रदेश में बाहरी लोग आकर बस रहे है यह भारतीय जनता पार्टी का नया शिगुफा है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शरद लोहाना, छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष मोहन लालवानी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा को खुली चुनौती देती है। वह बताये कि राज्य में कहां पर प्रदेश के बाहर से लोग आकर बसे है? भाजपा द्वारा सोशल मीडिया में यह भी दुष्प्रचारित किया जा रहा कि राज्य में बांग्लादेशी और रोहिंग्या बस रहे है। भाजपा नेता बताये कि प्रदेश के किस स्थान पर रोहिंग्या और बांग्लादेशी तथा पाकिस्तानी नागरिक बसे है। भाजपा के नेता नही बताते है तो झूठ फैलाने के आरोप में उन पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिये।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि छत्तीसगढ़ जो कि देश में मध्य में स्थित है यहां पर रोहिंग्या, बांग्लादेशी पाकिस्तानी नागरिक आकर बस रहे है जैसा कि रमन सिंह, धरमलाल कौशिक और अन्य भाजपा नेता दावा कर रहे है वह सच है तो यह मोदी सरकार की नाकामी है तथा देश के रक्षा मंत्री तथा गृह मंत्री देश की सुरक्षा संभालने में नाकाम साबित हो रहे है। यह देश की सुरक्षा व्यवस्था भारत सरकार के सूचना तंत्र पर भी सवालिया निशान है अतः इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिये। यदि भाजपा के नेता शरारत पूर्ण रंग से स्तरहीन राजनीति करने के उद्देश्य से बयान बाजी कर रहे है तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्यवाही की जाये।
