
धमतरी :- नगर निगम की टीम ने सिहावा रोड स्थित गोदाम में बड़ी रेड कार्यवाही करते हुए लाखों का डिस्पोजल और पॉलिथीन जब्त किया है। सूचना मिलते ही अन्य व्यापारी भी पहुंच गए थे। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम को विरोध भी झेलना पड़ा। आखिरकार लगभग 6 ट्रैक्टर सामान जप्त कर चालानी कार्यवाही की गई है। व्यापारी को सख्त लहजे में हिदायत दी गई है कि अगर दोबारा व्यापारी इस तरह की कोई भी अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उस पर ना सिर्फ चालानी कार्रवाई होगी बल्कि उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। शासन की मंशा अनुसार प्रदेश में निर्धारित मानक के डिस्पोजल और पॉलिथीन पर 9 महीने पहले से प्रतिबंध लगाया गया है। नगर निगम क्षेत्र में भी यह लागू किया गया था। शुरुआती दौर में व्यापारियों के अनुरोध पर इसे दिवाली तक स्टॉक क्लीयरेंस के लिए छोड़ दिया गया था, लेकिन इसका बेजा फायदा कुछ लोगों ने उठाया। अभी भी शहर में कई जगहों पर प्रतिबंधित डिस्पोजल और पॉलिथीन बिकते हुए नजर आता है। खासकर सब्जी मार्केट और शराब दुकानों के पास इसका प्रत्यक्ष प्रमाण देखने को मिल सकता है। ऐसे ही बुधवार को नगर निगम को सूचना मिली कि सिहावा रोड स्थित महालक्ष्मी एनक्लेव के सामने एक गोदाम में भारी मात्रा में प्रतिबंधित डिस्पोजल सामान रखा हुआ है।नगर निगम के ईई विजय खलको के नेतृत्व में नगर निगम की टीम पहुंची। जैसे ही टीम पहुंची व्यापारियों में हड़कंप मच गया। एक-एक करके जब टीम सामान निकालते गई तो लोग भौचक्के रह गए। लगभग ढाई घंटे तक चली कार्रवाई में प्रतिबंधित सामान जब्त कर निगम लाया गया। समान लाखों में बताया जा रही है। कार्यवाही के दौरान कार्यपालन अभियंता विजय खलखो, स्वास्थ्य अधिकारी श्रीनिवास त्रिवेदी, मिशन मैनेजर शशांक मिश्रा, सहायक राजस्व निरीक्षक कमल सिन्हा, दीपक पाण्डेय सहित निगम के 25 से 30 कर्मचारी उपस्थित थे। इस संबंध में मिशन क्लीन सिटी प्रभारी शशांक मिश्रा ने बताया कि ईई के नेतृत्व में नगर निगम की टीम सिहावा रोड झूलेलाल ट्रेडर्स पहुंची थी जहां पर 108 कार्टून प्रतिबंधित डिस्पोजल,18 बोरी पॉलिथीनज़ 8 बोरी चम्मच जप्त किया गया है। व्यापारी पर 30000 का फ़ाईन भी लगाया गया है। भविष्य में इसे न बेचने की हिदायत दी गई है। यह कार्यवाही निगम क्षेत्र में लगातार जारी रहेगी।
