करनाल:- बिन्दर शर्मा
करनाल:- पुलिस महानिदेशक हरियाणा द्वारा समस्त हरियाणा में अपराध नियंत्रण हेतु चलाए गए “ऑपरेशन आक्रमण” अभियान को सफल बनाने हेतु जिला करनाल में पुलिस अधीक्षक करनाल गंगाराम पूनिया के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा ऑपरेशन आक्रमण के तहत जिले भर में विभिन्न आपराधिक मुकदमों में फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ करने, प्रतिबंधित मादक पदार्थ, अवैध हथियारों पर अंकुश लगाने व अन्य गैर कानूनी गतिविधियों पर रोकथाम करने के लिए स्पेशल सर्च अभियान चलाया गया।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिले भर में 72 टीमों का गठन किया गया। जिसमें 288 पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया। यह कार्यवाही आज दिनांक 26 मार्च 2023 को सुबह 5 बजे से समय 5 बजे तक चलाई गई। इस कार्रवाई में जिला पुलिस की टीमों द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से पांच ग्राम स्मैक व 207 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की गई। वंही शस्त्र अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और आरोपियों के कब्जे से दो अवैध देसी पिस्तौल बरामद की गई। इसके अलावा पुलिस टीमों द्वारा आपराधिक मुकदमों में भगोड़े घोषित हो चुके 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और विभिन्न आपराधिक मुकदमों में फरार चल रहे 58 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार करनाल पुलिस की टीमों द्वारा इस अभियान के तहत एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंबलिंग एक्ट, अन्य स्थानीय व विशेष कानून के तहत, पी.ओ. घोषित व वर्ष 2011 से 2023 के दौरान के विभिन्न आपराधिक मुकदमों में फरार चल रहे कुल 74 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी अपराध जांच शाखा एवं थाना व चौकी स्तर पर टीमों का गठन किया गया। जिसमें पुलिस जिला के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भिन्न-भिन्न जगहों पर रेड कर अपराधियों पर कड़ा प्रहार करते हुए अलग-अलग मामलों में उपरोक्त उपलब्धियां हासिल की। अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों, प्रबंधक थाना, चौकी प्रभारी व अपराध यूनिटों को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने क्षेत्राधिकार में गहनता से जांच करें। इस दौरान अगर कोई व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करें। ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि समय- समय पर जिले में अपराध की रोकथाम व अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाए जाते रहे हैं और भविष्य में भी इस प्रकार के अभियान जारी रहेंगे। पुलिस अधीक्षक महोदय ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे हो या किसी व्यक्ति द्वारा नशीले पदार्थों का व्यापार करने व अवैध हथियार रखने वाले लोगों के बारे में सूचना मिले तो तुरंत इसकी सूचना डायल 112 या अपने संबंधित पुलिस थाना या चौकी में तुरंत दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा।
