बेमेतरा जिले में 28 फरवरी से 31 मार्च तक चलाया जाएगा शिशु संरक्षण माह अभियान।

सुनील नामदेव

बेमेतरा:-शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बेमेतरा जिले में शिशु संरक्षण माह कार्यक्रम 28 फरवरी 2023 से 31 मार्च 2023 तक प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को आंगनवाड़ी केन्द्रों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में आयोजित किया जावेगा। इस अभियान के दौरान शिशु एवं मातृत्व स्वास्थ्य संवर्धन से संबंधित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गतिविधियों का सफल संचालन व सेवाओं की प्रदायगी का सुदृढ़ीकरण किया जावेगा। 28 फरवरी 2023 से प्रारंभ होने वाले अभियान की तिथियां मंगलवार एवं शुक्रवार को निर्धारित है। शिशु संरक्षण माह के दौरान नियमित टीकाकरण के साथ साथ मुख्य रूप से दी जाने वाली सेवायें जैसे की 0-5 वर्ष के बच्चों का टीकाकरण, विटामिन सिरप (09 माह से 05 वर्ष के बच्चों को 6-6 माह के अंतराल में), दिया जायेगा, आयरन की सिरप, कुपोषित बच्चों का चिन्हांकन कर पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती किया जाएगा, गर्भवती माता, शिशुवती माताओं की जांच, टी.डी. इंजेक्शन लगाकर आयरन की बड़ी गोली का वितरण किया जायेगा।

बेमेतरा में कुल बच्चों की जनसंख्या 942284 है, जिसमें 09 माह से 05 वर्ष तक के 80094 बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जावेगी। तथा 06 माह से 05 वर्ष तक के 84806 बच्चों को आयरन सिरप प्रदाय किया जायेगा। जिसे सप्ताह में दो बार पिलाये जाने के लिए पालकगण को शिविर स्थल पर जानकारी दी जावेगी।