सुरेन्द्र मिनोचा:

एमसीबी:- छत्तीसगढ़ प्रान्त के चारों दिशाओं से हिन्दू स्वाभिमान जागरण एवं सामाजिक समरसता हेतु पूज्य संत समाज चार पवित्र स्थानों से पद यात्रा पर निकल रहे हैं। यह यात्रा प्रान्त के 34 जिलों से होकर गुजरेगी।
जिसका उद्देश्य गिरिकंदराओं, वनों, ग्रामों, झुग्गी बस्तियों एवं नगरों में निवास करने वाले हिन्दू समाज बन्धुओं के बीच संगत (सतसंग) और पंगत को माध्यम बनाकर, एकात्म-एकरस संगठित हिन्दू समाज का प्रकटीकरण कर, हिन्दूभाव (स्वाभिमान) जागरण करना है। जो कि जात-पात, भाषा-पंथ,क्षेत्र एवं राजनैतिक भेद-भावों से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभायेगे। छत्तीसगढ़ के चारों दिशाओं से चार पद यात्रायें समाज में सद्भाव, समरसता, धार्मिक दृढ़ता का भाव जगाने के भाव से लगभग 2500 कि.मी. की दूरी तय करते हुए 19 मार्च 2023 को रायपुर पहुँचने वाली है। सर्व समाज के बीच स्वयं पहुँचकर एकात्म भाव जागरण का संतों द्वारा यह प्रथम और अद्भुत प्रयास है। हम सब भी कहीं न कहीं किसी रूप में इस पुनीत कार्य में सहभागी बनकर हिन्दू जागरण के ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनावें।इसी तारतम्य में इस संत पद यात्रा का मनेन्द्रगढ़ आगमन होगा। इस यात्रा के दौरान होने वाले कार्यक्रम निम्नानुसार हैं :-
यह यात्रा दिनांक 28 फरवरी 2023, मंगलवार अपरान्ह 2.00 बजे मनेंद्रगढ़ पहुँचेगी। सभी कार्यकर्ता LIC कार्यालय के समीप भारतीय वेषभूषा में भगवा ध्वज एवं ढोल नगाड़े के साथ यात्रा का स्वागत करेगें। यात्रा का स्वागत करने के बाद आगे बढ़ते हुए श्री हनुमान टेकरी मंदिर में मातृशक्ति द्वारा यात्रा का स्वागत एवं पूजन किया जायेगा। वहां से यात्रा PWD तिराहा से होते हुए आमाखेरवा मार्ग, बिजली ऑफिस, बदनसिंह मोहल्ला, पुरानी बस्ती, सांई तिराहा, विवेकानन्द चौक, पुराना नगर पालिका कार्यालय, गांधी चौक, फौव्वारा चौक, डॉ. करन, सेन्ट्रल बैंक, जैन मंदिर चौक होते हुए सायं 5 बजे श्रीराम मंदिर में प्रवेश करेगी। मंदिर में भजन, कीर्तन एवं सतसंग का आयोजन होगा। सभी नगरवासियों से यात्रा कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार शामिल होने का अनुरोध किया गया है। यात्रा का रात्रि विश्राम मनेन्द्रगढ़ में होगा एवं 01.03.2023, बुधवार को प्रातः 10 बजे यात्रा चिरमिरी के लिए प्रस्थान करेगी।
