सुरेन्द्र मिनोचा:
एमसीबी:- कठौतिया से केल्हारी स्टेट हाईवे मार्ग में सड़क के दोनों ओर ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे फिलिंग के कार्य मे हो रहे भ्रष्टाचार को देखते हुए नागपुर मंडल अध्यक्ष भाजपा धर्मपाल सिंह टेकाम द्वारा जिला कलेक्टर एमसीबी को ज्ञापन सौंपा गया है। अपने ज्ञापन में उन्होंने उल्लेखित किया है कि ग्राम कठौतिया से केल्हारी जो छत्तीसगढ़ स्टेट हाइवे है। उस मार्ग मे सड़क के दोनों ओर कटाव रोकने एवं गाडियों के साइड हेतु फिलिंग का कार्य राज्य शासन द्वारा कराया जा रहा है किन्तु जिस भी ठेकेदार को काम करने का जिम्मा दिया गया है उसके द्वारा बगल के जंगल से मिट्टी का उत्खनन कर फिलिंग का कार्य कराया जा रहा है जबकि राज्य शासन के द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग के नियम अनुसार सड़क के दोनो ओर मुरूम के द्वारा फिलिंग कराने का निर्देश है।
वन विभाग की जमीन जो सड़क के दोनों साइड में है वहां के जंगलों से मिट्टी खोदी जा रही है। जिसकी विभाग (वन) को जानकारी भी नही है। दिन भर गाडियों के आवागमन के कारण धूल उड़ता रहता है।
धर्मपाल सिंह टेकाम ने एमसीबी कलेक्टर से अनुरोध करते हुए ज्ञापन में लेख किया है कि उक्त सड़क के दोनों ओर संबंधित ठेकेदार द्वारा मिट्टी फिलिंग करके शासन की राशि का दुरूपयोग किया जा रहा है। उसकी अविलंब जांच करवाकर संबंधित ठेकेदार के उपर कार्यवाही किया जाये जो जनहित में अत्यंत आवश्यक है, ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।
