चंद्रपुर :- एक तरफ छत्तीसगढ़ सरकार बेहतर शिक्षा देने के लिए बैनर पोस्टर और अपने बयानों में वाहवाही लूट रही है वही धरातल पर देखने से अलग ही नजारा दिखाई देता है। चाहे वह आंगनबाड़ी हो या प्राइमरी स्कूल, मिडिल स्कूल यहां तक कि हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल की स्थितियां काफी जर्जर हो चुकी हैं। चंद्रपुर विधानसभा के अंतर्गत ग्राम चुराभांठा के आंगनबाड़ी केंद्र में बने बिल्डिंग की छत टूटकर गिरने लगे हैं। आंगनबाड़ी केंद्र काफी जर्जर हो चुका है जहां भारतीय जनता पार्टी की नेत्री संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव अपने जनसंपर्क के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची ।

जहां उन्होंने उपस्थित सहायिका से केंद्र की जानकारी ली तो सहायिका ने बताया कि आंगनबाड़ी भवन काफी पुराना हो चुका है। बीते वर्ष में इसकी स्थिती खराब हुई है, जो भवन की बिल्डिंग है उसकी छत टूट कर गिरने लगी है। जिससे बच्चों को खतरा बना हुआ है। उक्त समस्या को देखते हुए शासन प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन इस ओर किसी की सुध नहीं है। बीते बरसात के दिनों में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। छत टूट कर गिरने से आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले बच्चों के ऊपर आगामी दिनों में भी बड़ी घटना होने की संभावना नजर आ रही है। अपने क्षेत्रीय जनसंपर्क में संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव ने केंद्र पहुंचकर एक वीडियो जारी किए जिसमें उन्होंने शासन प्रशासन से जल्द से जल्द आंगनबाड़ी केंद्र की जर्जर स्थिति को देखते हुए सुधार कार्य करने की बात कही है।

