एस के मिनोचा:

मनेंद्रगढ। राष्ट्रीय सूत्र सम्मान वर्ष 2022 इस वर्ष कवि एवं इतिहासकार संजय अलंग को रायपुर में प्रदान किया जा रहा है। कोरिया जिले के बैकुंठपुर मे संजय अलंग का छात्र जीवन बीता है यही कारण है कि उनका यहां की माटी से बहुत लगाव है।जिसकी खुश्बू उनकी कविताओं मे दिखाई पड़ती है।
बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी बिलासपुर एवं सरगुजा संभाग के कमिश्नर संजय अलंग के लेखन में इस अंचल की बोली भाषा और संस्कृति की झलक दिखाई पड़ती है।जो उनकी पहचान को विशिष्ट बनाती है।
आंचलिक भाषा और बोली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से साहित्यकार एवं रंगकर्मी विजय सिंह द्वारा जगदलपुर के हल्बी भाषा के साहित्यकार स्व. ठाकुर पूरन सिंह की स्मृति मे सूत्र सम्मान समारोह का आयोजन विगत 25 वर्षों से किया जा रहा है।
18 फरवरी 2023 को सांस्कृतिक भवन रायपुर मे आयोजित यह विशिष्ट सम्मान समारोह दिल्ली के चर्चित साहित्यकार लीलाधर मंडलोई के आतिथ्य एवं राजस्थान के शीर्ष आलोचक राजाराम भादू की अध्यक्षता मे संपन्न होगा।जिसमे मनेन्द्रगढ़ एवं कोरिया के रचनाकार विशेष रूप से आमंत्रित हैं। इस सम्मान समारोह में देश के प्रख्यात रचनाकार त्रिलोक महावर,सुभाष मित्र,आलोचक जयप्रकाश के साथ-साथ श्रीकांत वर्मा सृजन पीठ के अध्यक्ष राम कुमार तिवारी,चर्चित कवि प्रतापराव कदम,नासिर अहमद सिकंदर एवं गिरीश पंकज की विशिष्ट भागीदारी रहेगी।
डॉ. संजय अलंग की कविताओं पर समीक्षात्मक वक्तव्य शरद कोकास दुर्ग, रजत कृष्ण एवं अजय चंद्रवंशी कवर्धा द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। द्वितीय सत्र में आयोजित साहित्यकार सम्मेलन एवं काव्य पाठ कार्यक्रम प्रख्यात कथाकार एवं कवि सतीश जायसवाल के आतिथ्य एवं ईश्वर सिंह की अध्यक्षता मे सम्पन्न होगा।
