फिंगेश्वर :- छत्तीसगढ़ शासन, आयुष विभाग के महत्वाकांक्षी योजना अंतर्गत जन-जन तक योग को पहुंचाने के उद्देश्य से चिन्हित ग्राम पंचायतों में पांच दिवसीय नि:शुल्क योग प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित की जा रही है। संचालक आयुष पी.दयानंद (आईएएस) के निर्देशानुसार एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. निकिता ध्रुव के आदेशानुसार, आयुष हेल्थ वैलनेस सेंटर परसदा (जोशी) के तत्वावधान में ग्राम रावड में शिविर संपन्न हुआ। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी एवं शिविर प्रभारी डॉ. ऐश्वर्य साहू के कुशल नेतृत्व में गायत्री मंदिर परिसर में शिविर सफलतापूर्वक आयोजित की गई। वेलनेस सेंटर के योग सहायक योगेश ने नियमित रूप से योगाभ्यास कराया। समापन दिवस को योगविद अर्जुन धनंजय सिन्हा द्वारा छुरा से अलसुबह फिंगेश्वर विकासखंड के शिविर स्थल में पहुंच कर ईंजन दौड़, सर्वांगपुष्टि, ऊर्ध्वगति, उदकुदन, रेखीय गति, यौगिक प्रार्थना सिखाया। यौगिक जॉगिंग के बारह अभ्यास उनके लाभ, सावधानियों से अवगत कराते हुए सिखाया गया। खानपान में अंकुरित नवरत्न को शामिल करने की सलाह दिए। योग एवं प्राकृतिक रसाहार को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का भी निवेदन किए। प्रातःकाल उठकर ऊषापान के उपरांत ताड़ासन, तिर्यक ताड़ासन, कटिचक्रासन, तिर्यक कटिचक्रासन का नियमित अभ्यास करने की शिक्षा दी। आजकल भागदौड़ भरी जिंदगी में कब्ज़, गैस, एसिडिटी की बढ़ती समस्या को देखते हुए किए जाने वाले आसनों, प्राणायाम को सिखाते हुए योग जीवन का अभिन्न अंग बनाने प्रेरित किए। शिविर प्रभारी डॉ. ऐश्वर्य साहू ने कहा कि योग को जीवन का नियमित अंग बनाने से चिरस्थाई निरोगी काया प्राप्त किया जा सकता है। योग से नैतिक, अध्यात्मिक विकास होता है। बच्चों को संस्कारवान बनाने, दुर्व्यसन से मुक्त रखने में योग महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। अपने भोजन में सात्विक, पौष्टिक तत्वों को शामिल करना चाहिए। किसी भी प्रकार की व्याधि होने पर योग और आयुर्वेद को अपनाना चाहिए। शिविर में उपस्थित शिक्षक विनोद कुमार चौहान ने योग पर आधारित स्वरचित मुक्तक का वाचन किया। शिविर की सफलता में डॉ. प्रीति साहू, शिक्षक डेलेंद्र साहू, फर्माशिष्ट लक्ष्मीकांत, पीटीएस मन्नू का विशेष योगदान रहा। उपस्थित योग साधक छन्नू ध्रुव, संजय कंवर, सौरभ, सागर, राजा, शेखर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने योगाभ्यास का लाभ लिया।

