राजिम। राजिम माघी पुन्नी मेला में आने वाले श्रद्धालुओं और लोगों को अपने स्वास्थ्य बनने बिगड़ने की कतई चिंता करने की जरूरत नहीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा धमतरी, रायपुर और गरियाबंद जिले के स्वास्थ्य विभाग की टीम तीन अलग-अलग जगहों पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। यहां आने वाले लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवा मुहैया करवा रही है। स्वास्थ्य विभाग का स्टॉल मेला स्थल के नदी क्षेत्र में धमतरी जिले का भगवान श्री कुलेश्वारनाथ महादेव के पीछे, रायपुर जिला के नेहरू घाट के पास एवं गरियाबंद जिले का मुख्यमंच के पास विभागीय प्रदर्शनी के पास लगा हुआ है। इसके अलावा मीना बाजार में भी डॉक्टरों की टीम तैनात है। सीएमएचओ डॉक्टर केसी उराव के मार्गदर्शन में सभी जगहों की टीम अपनी सेवाएं दे रही हैं। एलोपैथिक चिकित्सा के प्रभारी पीके कुदेशिया और सह प्रभारी डॉ वीरेंद्र हिरौदिया, आयुर्वेद चिकित्सा के प्रभारी डॉक्टर ऐश्वर्या साहू एवं सह प्रभारी विनोद ठाकुर की निगरानी में आरएचआ,े ओआरएमओ एवं सीएचओ कार्यरत हैं। जिनमें देवव्रत शर्मा आरएमए, डॉ मिथिलेश ठाकुर होमियो चिकित्सा अधिकारी, डॉ विनोद ठाकुर आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, ओंकार साहू सीएचओ, ओम प्रकाश साहू आरएचओ, टेकन साहू आरएचओ, भारत साहू एवं आयुर्वेद भारत के मुकेश सेन अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
एलोपैथिक और आयुर्वेद में 14 सौ लोगों का जांच
डॉक्टरों की टीम ने बताया कि अभी तक एलोपैथिक में 778 लोगों को दर्द, बुखार, सर्दी, खांसी, उल्टी, दस्त की दवाईयां एवं सैकड़ों लोगों की बीपी शुगर की जांच की गई है। इसी तरह आयुर्वेद में 600 लोगों और होम्योपैथिक के 233 लोगों को निशुल्क दवा प्रदान की गई है। सुबह 8ः00 बजे से रात्रि 9ः00 बजे तक डॉक्टरों की टीम परामर्श और उपचार के लिए तैनात है। डॉक्टर हिरौदिया ने बताया कि पूरा मेडिकल टीम तैयार हैं। मेला क्षेत्र में अस्थायी ओपीडी बनाया गया है। यहां 5 बेड बनाया गया है जो इमरजेंसी के लिए रखा गया हे। एंबुलेंस के आने तक यहां इलाज निःशुल्क रूप से किया जाता है। किसी को चक्कर या अचानक तबीयत खराब होने पर उसका तत्काल उपचार किया जा रहा है।
आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा
स्टॉल में विशेष बात है कि यहां आयुष्मान कार्ड भी बनाया जा रहा है जिसके लिए आवश्यक दस्तावेज जैसे राशन कार्ड, आधार कार्ड एवं पंजीकृत मोबाइल नंबर लाने की जरूरत है। इसके अलावा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत विश्व स्तरीय उच्च गुणवत्ता की डांट से दवाई दी जा रही है। स्वास्थ्य जागरूकता के लिए टीवी के लक्षण, जांच एवं मरीज का उपचार कैसे हो, कहां से हो इसके लिए पाम्पलेट के माध्यम से जागरूक कर रहे हैं।
मानसिक विकार के इलाज की मिल रही जानकारी
इसके अलावा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गरियाबंद स्वास्थ्य विभाग की ओर से मन उपचार केंद्र में इलाज किए जाने की जानकारी प्रदान कर रहे हैं। मानसिक विकार के इलाज की जानकारी दे रहे हैं। बताया जा रहा कि नशीली दवाओं और शराब से बचें और खुद को ठीक होने का समय दें। अभी वर्तमान समय में मानसिक तनाव का भार अधिक झेल रहे हैं इसे दूर करने के लिए टीम के द्वारा बताया जा रहा है कि तनाव जिंदगी का एक हिस्सा है। यह अधिक कार्य या अधिक इच्छापूर्ति का परिणाम है। तनाव हमेशा हर किसी में समान रूप से प्रदर्शित नहीं होता इसलिए एक तनाव मुक्त जीवन के लिए जानकारी दी जा रही है। वहीं नशा नहीं करने तथा नशा के दुष्परिणाम को बताया जा रहा है। इसके अलावा कई रोगों का आयुर्वेद से इलाज की जानकारी दी जा रही है। जिसमें पेट की गैस व चोट मोच में अजवाइन, सर्दी, जुकाम, अपचन, अम्ल, पित्त में अदरक, घाव-सूजन, शीत पित्त एलर्जी में हल्दी का उपयोग, जीरा, धनिया, हींग, काली मिर्च, प्याज, लहसुन से भी कई रोगों का उपचार किया जा सकता है।
कैंसर सम्बंधित मिल रही जानकारी
इसके अलावा गैर संचारी रोग की सामान्य जानकारी एवं बचाव के तरीके जिनमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर के प्रमुख रूप से होने वाले गर्भाशय, मुख कैंसर, स्तन कैंसर, दमा अन्य बीमारी सम्बंधित उपचार आदि की जानकारी दी जा रही है।

