पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाईन आवेदन 10 फरवरी तक

गरियाबंद :- गरियाबंद जिला अंतर्गत संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय के संस्था प्रमुख, छात्रवृत्ति प्रभारी एवं अध्ययनरत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों जो विभाग द्वारा संचालित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखते हैं, के लिए शिक्षा सत्र 2022-23 हेतु ऑनलाइन पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति (कक्षा 12वीं से उच्चतर) के पंजीयन, स्वीकृति एवं वितरण की कार्यवाही वेबसाईट पोस्टमेट्रिक-स्कॉलरशीप डॉट सीजी डॉट एनआईसी डॉट इन ( http://postmatric.scholarship.cg.nic.in) पर ऑनलाइन किया जाना है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से मिली जानकारी अनुसार विद्यार्थियों द्वारा नवीन एवं नवीनीकरण के लिए ऑनलाईन आवेदन हेतु 10 फरवरी 2023 तक किया जा सकता है। ड्राफ्ट प्रपोजल लॉक करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी 2023 तक, सैंक्शन आर्डर लॉक करने की तिथि 15 फरवरी 2023 तक निर्धारित किया गया है। उक्त निर्धारित तिथि के पश्चात आवेदन स्वीकार नहीं किये जायेंगे। निर्धारित तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते है तो इसके लिए संस्था प्रमुख स्वतः जिम्मेदार होंगे। छात्रवृत्ति का भुगतान पी.एफ.एम.एस. के माध्यम से किया जा रहा है। पी.एफ.एम.एस. द्वारा आधार आधारित भुगतान की जा रही है। अतः सभी विद्यार्थी ऑनलाईन आवेदन करते समय आधार सीडेड बैंक खाता नम्बर की प्रविष्टि करना सुनिश्चित करें।