मैनपुर शिक्षाकर्मी भर्ती फर्जीवाड़ा.. फर्जी शिक्षाकर्मियों पर जिला प्रशासन मेहरबान, जांच में आंच नहीं ,फर्जी दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों के सहारे कर रहा है आज भी नौकरी

मैनपुर शिक्षाकर्मी भर्ती फर्जीवाड़ा..
फर्जी शिक्षाकर्मियों पर जिला प्रशासन मेहरबान,
जांच में आंच नहीं
फर्जी दस्तावेजों और
प्रमाण पत्रों के सहारे कर रहा है आज भी नौकरी

परमेश्वर कुमार साहू,28 फरवरी 2021

गरियाबंद जिले के मैनपुर जनपद पंचायत में वर्ष 2005 से 2007 तक हुए शिक्षाकर्मी भर्ती फर्जीवाड़ा में जांच प्रतिवेदन आने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई है। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की मिलीभगत से फर्जी शिक्षाकर्मी आज भी नौकरी कर रहे हैं।इस शिक्षाकर्मी भर्ती में जमकर धांधली किया गया था जिसके कारण आज पढ़े-लिखे बेरोजगारों को रोजगार के लाले पड़े हैं। फर्जी शिक्षकों पर कार्रवाई न होना जिला प्रशासन व विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
गौरतलब है कि जनपद पंचायत मैनपुर में वर्ष 2005 से 2007 तक फर्जी विकलांग प्रमाण पत्र एवं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शिक्षा कर्मी वर्ग 3 पर शिक्षा कर्मी की बड़ी तादाद में नियुक्ति हुई थी। जिसमें 454 आवेदनों में से जांच हेतु 322 अभ्यर्थी जांच के समय उपस्थित हुए थे। जिसमें 139 शिक्षाकर्मियों का अभिलेख और दस्तावेज जांच में सही पाया गया था एवं 129 शिक्षाकर्मियों की जांच में फर्जी प्रमाण पत्र एवं फर्जी दस्तावेजों के कारण नियुक्ति निरस्त करने हेतु कार्यालयीन पत्र क्रमांक 2247 दिनांक 17-07-2019 के द्वारा पत्र लेख किया गया था। वही 65 शिक्षाकर्मियों के दस्तावेज जांच में परीक्षण योग्य पाया गया था। जिसको संबंधित संस्थाओं और विभागों को सत्यापन हेतु भेजा गया था। वही 132 शिक्षाकर्मी जांच दल के समक्ष उपस्थित नहीं हुए थे। जिसके लिए कार्यालय आदेश क्रमांक 2483 दिनांक 26-7-19 को नवीन जान समिति गठित किए गए थे।
आपको बता दे की जिले के इस सबसे बड़े शिक्षाकर्मी भर्ती फर्जीवाड़ा में जांच दल द्वारा जांच में केवल खानापूर्ति किया गया है ।जिसके कारण फर्जी दस्तावजों और प्रमाण पत्रो के माध्यम से नौकरी कर रहे उक्त शिक्षाकर्मी को आज तक न तो हटाया गया है और न ही कोई कार्यवाही की गई ।ये फर्जी शिक्षाकर्मी जिले के अनेक कोनो में नौकरी कर रहे है।सूत्रों की माने तो इन फर्जी शिक्षाकर्मियों की जनप्रतिनिधियों का सरंक्षण प्राप्त है वहीं अधिकारी की मिलीभगत है।जिसके कारण फर्जी शिक्षाकर्मि को नहीं हटाया जा रहा है।मैनपुर फर्जी शिक्षाकर्मियों की पूरी कुंडली व कई ऐसे अहम दस्तावेज खबर गंगा के हाथ लगा है।जो फर्जी शिक्षाकर्मियों और उन जिम्मेदारो को बेनकाब करेगा।जल्द ही परत दर परत फर्जी शिक्षाकर्मियों का एक बड़ा खुलासा होगा।