कवि समाज की बुराइयों को उजागर कर रास्ता दिखाने का काम करते हैं: चंदूलाल साहू

कवि समाज की बुराइयों को उजागर कर रास्ता दिखाने का काम करते हैं: चंदूलाल साहू

छत्तीसगढ़ युवा साहित्य परिषद ने किया विराट कवि सम्मेलन का आयोजन।

राजिम। स्थानीय प्रेम रतन मैरिज पैलेस के सभागार में छत्तीसगढ़ युवा साहित्य परिषद के तत्वाधान में विराट युवा कवि सम्मेलन का आयोजन संपन्न हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद चंदूलाल साहू थे उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है कवि जब लिखते हैं तो समाज की बुराइयों को उजागर कर रास्ता दिखाने का काम करते हैं। राजिम साहित्य के क्षेत्र में समृद्ध रहा है आदिकवि पंडित सुंदरलाल शर्मा, पुरुषोत्तम अनासक्त, छबीलाल अशांत, संत कवि पवन दीवान, कृष्णा रंजन जैसे अनेक कलमकार हुए हैं। जिनकी रचनाएं आज भी बहुतायत संख्या में पढ़ी व सुनी जाती है। उन्होंने नए रचनाकारों को फोकस करते हुए कहा कि रचनाएं भले कम लिखें लेकिन अच्छी रचना उभर कर सामने आना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सोनकर ने कवियों के संग उनकी कविता को सुनकर खुद अपने आपको कवि रूप में पाते हुए कविता सुनाई और अपने उद्बोधन में कहा कि नगर में समय-समय पर साहित्यिक कार्यक्रम होना चाहिए इससे नए रचनाकारों को अवसर व मंच मिलता है तो पुराने व मजे हुए साहित्यकार का सानिध्य ऊंचाइयां प्रदान करती है। विशिष्ट अतिथि के रुप में उपस्थित रायपुर से पहुंचे वरिष्ठ साहित्यकार रामेश्वर शर्मा ने कहा कि व्याकरण संबंधी अशुद्धियां रचनाकार की पकड़ को बताता है। अच्छी सोच के साथ रचना जब कागज पर लिपिबद्ध होता है तो उसे पूरी दुनिया पढ़ती है इसलिए अच्छी रचनाएं सामने आए ऐसा प्रयास होना चाहिए। उन्होंने गलतियों पर नवोदित कवियों का दिशा निर्देश भी दिया। अच्छी रचनाओं पर उत्साह वर्धन करते रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ही उपस्थित पार्षद पुष्पा गोस्वामी ने कहा कि जीवन में अनेक उतार-चढ़ाव आते हैं उन्हें अपने कलम के माध्यम से पन्ने पर उतारकर कवि आने वाले पीढ़ी को सीख देते हैं। वर्तमान में नगर में तीन साहित्य समिति हैं जो लगातार साहित्यिक आयोजन के माध्यम से राजिम का नाम देश भर में रोशन कर रहे हैं। इस मौके पर छत्तीसगढ़ युवा साहित्य परिषद के अध्यक्ष कुलेश्वर सोनवानी ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ के होनहार नवोदित कलमकार जिन्हें उपयुक्त समय पर मंच उपलब्ध नहीं हो पाता है नतीजा उनकी प्रतिभा दबकर रह जाती है उन्हें मौका देने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है इसमें ख्याति प्राप्त कवियों का मार्गदर्शन भी नवोदित कवियों को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सोनकर एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि जितेंद्र सोनकर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस कवि सम्मेलन में प्रदेशभर से 100 युवा कवियों की उपस्थिति रही। सभी को रचना पढ़ने के लिए मंच प्रदान किया गया तथा उन्हें मंच से ही अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर मीर अली मीर, कृष्णा भारती, ऋषि वर्मा, संजय शर्मा, सुनील शर्मा,वीरेंद्र साहू, शायर जितेंद्र सुकुमार साहिर, कवि एवं साहित्यकार संतोष कुमार सोनकर मंडल, हास्य कवि कमलेश कौशिक कठलहा प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कुमेश किरणबेर एवं सूरज प्रकाश सिन्हा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कुलेश्वर सोनवानी, धर्मेंद्र डहरवाल, मोहन कुमार निषाद, तुकाराम तरुण, आशीष वैष्णव, सूरज प्रकाश सिन्हा, प्रमोद तिवारी, गुलाब ठाकुर, विनोद साहू, ओंकार साहू, खेमराज साहू, योगेश साहू, रवि कंडरा, खोवालाल बिसेन, दीपक सिन्हा, सुरेश कुमार साहू आदि का विशेष सहयोग रहा।