राम मंदिर निर्माण धन संग्रह के लिए बैठक में शामिल हुए चंद्रशेखर
फिंगेश्वर खबर गंगा ,12 जनवरी 2021
अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह के लिए गांवों में अब तैयारी बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया है।फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम पंचायत बोंड़की में तत्संबंध में ग्रामवासियों द्वारा बैठक आहूत की गई।सर्वप्रथम ग्रामवासियों द्वारा भव्य कलश यात्रा निकालकर गांव के मुख्य चौक में भगवान श्रीराम की पूजा अर्चना कर प्रसाद वितरण किया गया।उक्त बैठक में जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू,सरपँच रामजी साहू,बेदराम साहू,गुलाब पटेल हरिचंद साहू,होरीलाल पटेल डोमन साहू,नेतराम सिन्हा,भागी साहू,पोहत पटेल,डायल ध्रुव,दिनेश दिवान,खेलावन ध्रुव,जोहत बैगा,सहित ग्राम पटेल,पंचगण व ग्रामवासी शामिल हुए। उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम हम छत्तीसगढ़ वासियों के भांजा हैं उनका ननिहाल हमारे छत्तीसगढ़ के चंदखुरी में है इसी से प्रेरणा लेकर हम सब अपने भांजे को भगवान समझकर पूजते हैं और उसका पैर छूकर प्रणाम करते हैं। 492 सालों की चिर प्रतीक्षा के बाद भगवान राम के जन्मभूमि अयोध्या नगरी में भव्य मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ है और हम सबका सौभाग्य है कि हम हमारे आराध्य देव का मंदिर बनते देख रहे हैं। जब मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह करने टोलियां आएंगी तो स्वस्फूर्त होकर आप सब सहयोग करें। सरपँच रामजी साहू ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों का सूक्ष्म योगदान हो यही धन संग्रह करने की मंशा है। धन तो कोई भी अकेले ही दे सकता है लेकिन अधिकतम लोगों का यश इसमें जुड़ी रहे तो यह मंगलकारी होगा।
