पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजली

आंतरिक सुरक्षा में प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के नामों के वाचन उपरान्त पुलिस अधिकारी/कर्मचारी, जनप्रतिनिधियों एवं शहीद के परिजनों के द्वारा दी गई श्रद्धांजली

 शहीदों के परिजनों को श्रीफल एवं साल भेंठ कर किया गया सम्मान

बीजापुर – पुलिस स्मृति दिवस पर 01 सितम्बर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक सम्पूर्ण भारत मे सशस्त्र एवं अर्द्धसैनिक बल के जवान जिन्होने आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था में अपने प्राण न्यौछावर किये है, उन शहीद जवानों को श्रद्धांजली दी गई। उक्त अवधि में कुल 154 जवानों ने देश की रक्षा में अपने प्राण न्यौछावर किये जिनमें छत्तीसगढ से 06 जवान शहीद हुये। जिला बीजापुर में माओवादी घटना में जिला बल-02 जवान शहीद हुये। थाना नैमेड़ क्षेत्रान्तर्गत कचिलवार के जंगल में माओवादियों के साथ हुए मुठभेड़ में शहीद प्रधान आरक्षक बड़दी मोहन एवं शहीद आरक्षक दुकारू राम गोंदे शामिल है। पुलिस अधीक्षक बीजापुर श्री उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा शहीद जवानों की नामावाली का वाचन किया गया, नामावली के वाचन उपरान्त नामावली शहीद स्मारक को अर्पित की गई, शहीदों को सलामी उपरान्त शहीदों की याद में 02 मिनट का मौन धारण किया गया।

सलामी उपरान्त जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचरियों एवं शहीद परिवार द्वारा शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पण कर शहीद जवानों को श्रद्धांजली दी गई। पुलिस अधीक्षक बीजापुर श्री उमेश प्रसाद गुप्ता, वन मण्डलाधिकारी इन्द्रावती टाईगर रिजर्व बीजापुर श्री सुमेद सुरवाड़े, अति0पुलिस अधीक्षक ऑप्स श्री रविन्द्र कुमार मीणा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बीजापुर श्रीमती नम्रता चौबे, एसडीएम श्री राकेश साहू, वरिष्ठ नागरिक श्री घासीराम नाग, शहीद परिवार से रूबरू हुये उन्हे सम्मान स्वरूप श्रीफल एवं साल भेंट किया गया। शहीद परिवारों के स्वत्वों के भुगतान संबंधी जानकारी लेकर समस्याओं के निराकरण हेतु हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया। साथ ही, शहीद परिजनों के बच्चों की छात्रवृत्ति हेतु आवेदन शिक्षा विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पुलिस विभाग, अर्द्धसैनिक बल, जिला प्रशासन के अधिकारी/कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।