बीजापुर – तसर रेशम पालन को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण हितग्राहियों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से ग्राम गुदमा के अंतर्गत संचालित शासकीय कोसा बीज केंद्र गुदमा के 8 तसर कोसा पालकों को पालित प्रजाति के स्वस्थ डिम्ब समूह वितरण योजना के तहत 2500 तसर स्वस्थ डिम्ब समूह वितरित किए गए। ये स्वस्थ डिम्ब समूह केंद्रीय रेशम बोर्ड की इकाई बीएसएमटीसी बस्तर से प्राप्त किए गए। वितरित डिम्ब समूहों का कुल मूल्य 40 हजार रुपये है, जिस पर हितग्राहियों को 35 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई। इस प्रकार हितग्राहियों को मात्र 5 हजार रुपये का अंशदान करना पड़ा।
इस योजना से ग्राम गुदमा के 8 तसर कोसा पालकों को लाभ मिला है। स्वस्थ डिम्ब समूहों के वितरण से तसर कृमिपालकों को बेहतर गुणवत्ता वाले कोसों का उत्पादन करने तथा अपनी अतिरिक्त आय बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
योजना से लाभान्वित समूह के अध्यक्ष श्री मनोज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन द्वारा प्रदान की गई सब्सिडी से तसर पालन की लागत कम करने में मदद मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वस्थ डिम्ब समूहों के पालन से बेहतर कोसा उत्पादन होगा और समूह के सदस्यों की आय में वृद्धि होगी।
इस प्रकार स्वस्थ डिम्ब समूह वितरण योजना ग्रामीण क्षेत्रों में तसर रेशम पालन को प्रोत्साहित करने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा हितग्राहियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
