ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए गांवों में पहुंचे कलेक्टर श्री विश्वदीप, चौपाल लगाकर सुनीं मांगें

बीजापुर – जिले के दूरस्थ एवं संवेदनशील ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की पहुंच मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विश्वदीप ने गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ग्राम पंचायत सागमेटा, सण्ड्रा, एडापल्ली और पीलूर पहुंचे। यहां आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों ने सड़क निर्माण, राशन वितरण, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा और आवागमन जैसी मूलभूत समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

कलेक्टर ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

दौरे के दौरान कलेक्टर ने ‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम के शत-प्रतिशत लक्ष्य को प्राप्त करने तथा पात्र ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य की समीक्षा कर ग्रामीणों से इसमें सहयोग करने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए सुरक्षा और आपसी विश्वास को मजबूत बनाने पर जोर दिया। वहीं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे ने पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

युवाओं के साथ क्रिकेट खेलकर बढ़ाया उत्साह

दौरे के दौरान ग्राम सण्ड्रा में कलेक्टर श्री विश्वदीप युवाओं के साथ क्रिकेट खेलते नजर आए। उन्होंने युवाओं को खेल, शिक्षा और सकारात्मक सोच के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।