ई-केवायसी एवं आधार सीडिंग सहित विभिन्न सेवाओं का मिला लाभ

महासमुंद – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खाद्य विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने जिले में 28 से 30 सितंबर तक विकासखंड एवं जिला स्तरीय सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज जिला मुख्यालय महासमुंद के वार्ड क्रमांक 13 में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों को खाद्य विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया तथा नागरिकों को योजनाओं, राशनकार्ड से संबंधित प्रक्रियाओं एवं शिकायत निवारण व्यवस्था की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

शिविर में वार्ड पार्षद  हरबंश सिंह नानू भाई, प्रीति बादल मक्कड़, हनीश बग्गा, शरद मराठा सहित जिला खाद्य अधिकारी  आशीष चतुर्वेदी मौजूद एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि वह हितग्राही उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने शिविर में पहुंचकर खाद्य विभाग की योजनाओं और हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिक से अधिक जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कैंप में पहुंचकर खाद्य विभाग से संबंधित अपनी समस्याओं का समाधान अवश्य कराएं तथा योजनाओं की पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी प्राप्त करें।

इसी तरह बागबाहरा विकासखण्ड अंतर्गत जनपद पंचायत बागबाहरा में भी सेवा सेतु कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। सेवा सेतु कैंपों में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी गई। शिविर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पात्रता, राशनकार्ड से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं तथा हितग्राहियों के अधिकारों की जानकारी सरल एवं सहज तरीके से उपलब्ध कराई गई।

पार्षद  हरबंश सिह नानू भाई एवं प्रीति बादल मक्कड़ ने नागरिकों को इन प्रक्रियाओं को समय पर पूरा कराने के महत्व के बारे में भी बताया गया, ताकि पात्र हितग्राहियों को खाद्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। इसके साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं राज्य योजना के अंतर्गत नए राशनकार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों, पात्रता एवं प्रक्रिया के संबंध में नागरिकों को मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

सेवा सेतु कैंप में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वितरित किए जाने वाले खाद्यान्न एवं अन्य राशन सामग्री के सैंपल भी प्रदर्शित किए गए। इसमें ’’चावल, चना, नमक, शक्कर एवं गुड़’’ आदि सामग्री शामिल रही। खाद्य सामग्री के सैंपल के माध्यम से हितग्राहियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत वितरित की जाने वाली सामग्री के संबंध में प्रत्यक्ष जानकारी दी गई। इससे नागरिकों को राशन सामग्री की पहचान एवं वितरण व्यवस्था को समझने में सुविधा मिली।

29 सितम्बर को पिथौरा एवं बसना में सेवा सेतु कैंप आयोजित

सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु कैंप का आयोजन 29 सितंबर को विकासखंड पिथौरा एवं बसना में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे। वहीं 30 सितंबर को विकासखंड सरायपाली में सेवा सेतु कैंप का आयोजन होगा। इसके साथ ही 30 सितंबर को जिला स्तरीय सेवा सेतु कैंप कार्यालय कलेक्टर परिसर, महासमुंद में आयोजित किया जाएगा।