मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने खल्लारी और बागबाहरा स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

महासमुंद – जिले के नवपदस्थ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह कुशवाहा ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खल्लारी एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान डॉ. कुशवाहा ने ओपीडी, वार्ड, उपचार कक्ष एवं अस्पताल परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू संचालन करने तथा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने की बात कही।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जननी सुरक्षा योजना सहित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने तथा आमजन को शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने की बात कही। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के साथ संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर वातावरण, आवश्यक उपचार एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण है।डॉ. कुशवाहा ने कहा कि जिले के प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र में आम नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान बीएमओ बागबाहरा डॉ. बी.एस. बढ़ई सहित संबंधित चिकित्सा अधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे।