नगर पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस दे ₹3 करोड़ की निधि का हिसाब : नगर का विकास कम, स्वयं का विकास ज्यादा—नाकामी छिपाने भटकाव की राजनीति का आरोप -::- फारुख खान

भोपालपट्टनम – नगर पंचायत चुनाव से पहले भाजपा जिला अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष फारुख खान ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पांच वर्ष के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े आरोपों को लेकर राजनीति करने के बजाय कांग्रेस को अपने कार्यकाल में नगर पंचायत के विकास के लिए मिली निधियों और उनके खर्च का वार्डवार एवं कार्यवार विवरण सार्वजनिक करना चाहिए।

फारुख खान ने कहा कि किसी भी जमीन संबंधी मामले का फैसला आरोप-प्रत्यारोप के आधार पर नहीं, बल्कि दस्तावेजों और निष्पक्ष जांच के आधार पर होना चाहिए। यदि कांग्रेस को भाजपा नेताओं से जुड़े किसी जमीन मामले में आपत्ति है तो वह संबंधित दस्तावेज प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर निष्पक्ष जांच की मांग करे। लेकिन चुनाव से ठीक पहले जमीन के मुद्दे को उछालकर कांग्रेस अपने पांच वर्ष के कार्यकाल से जुड़े सवालों से बच नहीं सकती।

*पांच साल की निधि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग*

फारुख खान ने कहा कि नगर पंचायत की निधि जनता के विकास के लिए होती है और जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि उसका उपयोग कहां और किस प्रकार किया गया। उन्होंने उपलब्ध आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 15 पार्षदों की पार्षद निधि यदि ₹3 लाख प्रतिवर्ष प्रति पार्षद के हिसाब से मानी जाए तो एक वर्ष में ₹45 लाख तथा पांच वर्षों में करीब ₹2 करोड़ 25 लाख की राशि बनती है।

इसी तरह अध्यक्ष निधि ₹15 लाख प्रतिवर्ष के हिसाब से पांच वर्षों में करीब ₹75 लाख होती है। इस प्रकार पार्षद और अध्यक्ष निधि को मिलाकर लगभग ₹3 करोड़ की राशि का हिसाब जनता के सामने रखा जाना चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि पांच वर्षों में यह राशि किन वार्डों में, किन सड़कों, नालियों, पेयजल, स्वच्छता और अन्य विकास कार्यों पर खर्च की गई? इन कार्यों की सूची, स्वीकृत राशि, खर्च राशि और वर्तमान स्थिति का विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है?

*”नगर का विकास कम, स्वयं का विकास ज्यादा”*

फारुख खान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नगर पंचायत चुनाव से पहले अपने कार्यकाल की नाकामियों से जनता का ध्यान हटाने के लिए जमीन के मुद्दे को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि पांच वर्षों में नगर पंचायत में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए हैं तो कांग्रेस को उनका रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “नगर का विकास कम और स्वयं का विकास ज्यादा हुआ है या नहीं, इसका फैसला जनता करेगी। कांग्रेस को आरोप लगाने के बजाय अपने पांच वर्ष के कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।”

*वार्डवार और कार्यवार हिसाब मांगा*

भाजपा नेता ने नगर पंचायत से पिछले पांच वर्षों में प्राप्त निधियों और किए गए विकास कार्यों का वार्डवार, कार्यवार एवं मदवार विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रमुख कार्य में कितनी राशि स्वीकृत हुई, कितनी राशि खर्च हुई और कार्य की वर्तमान स्थिति क्या है, इसकी जानकारी जनता के सामने आनी चाहिए।

फारुख खान ने कहा कि वे किसी व्यक्ति पर व्यक्तिगत आरोप नहीं लगा रहे हैं, बल्कि जनता के पैसे की पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। चुनाव के समय जनता के सामने केवल आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि पांच वर्षों के कामकाज का पूरा रिपोर्ट कार्ड होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भोपालपट्टनम की जनता अब भटकाव की राजनीति नहीं, बल्कि विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही चाहती है। कांग्रेस को जमीन के आरोपों से ध्यान भटकाने के बजाय अपने पांच वर्ष के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए.