4 साल के मासूम की इंजेक्शन के बाद मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

राजिम – सुस्ती की मामूली शिकायत पर अस्पताल ले जाए गए 4 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम के समय बच्चे के माता-पिता उसे अपने परिचित डॉक्टर के पास ले गए थे। जांच के बाद डॉक्टर ने उसे अपने दूसरे परिचित डॉक्टर के पास अपनी निजी कार और ड्राइवर के साथ भेज दिया और फोन पर मरीज के बारे में जानकारी भी दी।

रात भर बच्चे की हालत ठीक रही। परिजनों का आरोप है कि सुबह अस्पताल की एक नर्स ने बच्चे को एक इंजेक्शन लगाया और इंजेक्शन लगते ही बच्चे की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई।

हालत बिगड़ता देख डॉक्टर और स्टाफ ने उसे तुरंत रायपुर रेफर कर दिया। इस दौरान परिजनों से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी करवाए गए और उसी अस्पताल की एंबुलेंस से रायपुर के लिए रवाना किया गया।

रायपुर में बड़े डॉक्टर के पास पहुंचने पर जांच के बाद बताया गया कि बच्चे की मौत काफी देर पहले ही हो चुकी है।

घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।