सर्वसम्मति से पारित हुआ नामकरण का प्रस्ताव, सामाजिक एकता और सर्व समाज के सम्मान का दिया संदेश
राजिम :- भगवान श्रीराजीवलोचन की पावन नगरी राजिम में सामाजिक समरसता को नई पहचान देने वाला महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। राजिम के प्रमुख मेला मैदान का नाम अब “भगवान राजीवलोचन सामाजिक समरसता मेला मैदान” रखने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया है। भारतीय जनता पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह-संयोजक प्रोफेसर डॉ संजीव कर्मकार ‘वशिष्ठ’ के प्रयास एवं प्रस्ताव तथा सर्व समाज समन्वय महासभा, गरियाबंद के संरक्षक मुन्नालाल देवदास और अध्यक्ष केशर निर्मलकर के आह्वान पर सर्व समाज के अनुमोदन के बाद यह निर्णय लिया गया।
जिला शिक्षा प्रकोष्ठ के सह-संयोजक अशोक मिश्रा के अनुमोदन एवं सहयोग से नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर एवं पार्षदगणों ने मेला मैदान के नए नाम के प्रस्ताव को सर्वसम्मति प्रदान की। बताया गया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन, जनभागीदारी और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को यह निर्णय स्थानीय स्तर पर मजबूती प्रदान करता है। धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक नगरी राजिम में सभी समाजों को साथ लेकर चलने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
*नामकरण में एकता और भाईचारे का संदेश*
राजिम विभिन्न समाजों की साझा आस्था और संस्कृति का केंद्र रहा है। ऐसे में भगवान राजीव लोचन से जुड़े प्रमुख मेला मैदान के नाम में ‘सामाजिक समरसता’ को शामिल करना सभी वर्गों के बीच एकता, समानता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देगा। यह नामकरण इस भावना को भी मजबूत करेगा कि भगवान राजीव लोचन की नगरी में सभी समाज समान हैं और सामाजिक समरसता ही समाज की वास्तविक शक्ति है।
‘यह केवल नामकरण नहीं, सामाजिक संकल्प’
प्रोफेसर (डॉ) संजीव कर्मकार ‘वशिष्ठ’ ने इस निर्णय पर सर्व समाज समन्वय महासभा, गरियाबंद के पदाधिकारियों, समाज प्रमुखों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह केवल मेला मैदान के नामकरण का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समरसता और सर्व समाज के सम्मान को प्रतिष्ठित करने वाला महत्वपूर्ण निर्णय है। राजिम की पावन भूमि से सामाजिक समरसता का संदेश पूरे छत्तीसगढ़ में पहुंचेगा।
उन्होंने इस निर्णय को भाजपा छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण सामाजिक उपलब्धि बताते हुए विधायक रोहित साहू, नगर पालिका अध्यक्ष महेश यादव, उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, सभी पार्षदगण एवं अभियान से जुड़े सर्व समाज के प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया।
