घोड़ागांव के शासकीय बालक आश्रम में विद्यार्थियों को पठन पाठन सामग्री वितरण

पखांजूर – शासकीय बालक आश्रम घोड़ागांव में शुक्रवार को विद्यार्थियों के लिए टाई-बेल्ट, जूते-मोजे एवं आवश्यक स्टेशनरी सामग्री का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं निगरानी समिति के सदस्यों की उपस्थिति में विद्यार्थियों को उपयोगी सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान जनपद अध्यक्ष माननीय श्रीमती श्यामवती मंडावी, जनपद सदस्य  विश्वजीत देवनाथ, सरपंच श्रीमती फूल कुमारी नूरती, पंच श्रीमती सनकी नूरती, हेड मास्टर  विवेक राय, निगरानी समिति की सदस्य श्रीमती गायत्री नाग तथा आश्रम अधीक्षक श्री सदाराम नाग सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य उपस्थित सदस्यों ने विद्यार्थियों को सामग्री वितरित की।सामग्री प्राप्त करते हुए विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। अतिथियों ने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अनुशासन, नियमित अध्ययन और विद्यालय की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है। इस तरह की पहल से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे अपनी पढ़ाई के प्रति और अधिक प्रेरित होते हैं।विद्यालय के हेड मास्टर श्री विवेक राय एवं अधीक्षक  सदाराम नाग ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर इस प्रकार के सहयोग से आश्रम के बच्चों को काफी लाभ मिलता है।कार्यक्रम के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं निगरानी समिति के सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।