सावन में माहेश्वरी युवा संगठन का अनूठा आयोजन, करीब एक घंटे तक चला अभिषेक; भजन, झूला महोत्सव और महाप्रसादी ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता
बालोद – सावन के पवित्र महीने में बालोद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल सिया देवी मंदिर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा भगवान शिव का भव्य सहस्त्र जलधारा अभिषेक एवं पूजा-अर्चना आयोजित की गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार से शिवमय हो उठा।
बहते झरने से मानव श्रृंखला बनाकर किया अभिषेक
आयोजन की सबसे खास विशेषता युवाओं द्वारा बनाई गई मानव श्रृंखला रही। मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार पर स्थापित शिवलिंग पर पास ही बह रहे प्राकृतिक झरने के जल से अभिषेक किया गया। युवा संगठन के सदस्यों ने एक-दूसरे से जुड़कर मानव श्रृंखला बनाई और बाल्टियों के माध्यम से झरने का जल शिवलिंग तक पहुंचाया।
करीब एक घंटे तक लगातार सहस्त्र जलधारा अभिषेक चलता रहा। इस दौरान युवाओं और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
धमतरी जिला युवा संगठन की पहल, करहीभदर ने संभाली मेजबानी
सावन महोत्सव के तहत सहस्त्र जलधारा अभिषेक का आयोजन धमतरी जिला माहेश्वरी युवा संगठन द्वारा तय किया गया था। वहीं करहीभदर माहेश्वरी युवा संगठन ने आयोजन की मेजबानी और आतिथ्य की जिम्मेदारी निभाते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
अभिषेक के साथ महिला मंडल द्वारा सावन झूला महोत्सव का भी आयोजन किया गया। भक्तिमय भजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महाप्रसादी ग्रहण की।
कई जिलों से पहुंचे समाजजन
आयोजन में धमतरी, करहीभदर, गुरूर, कुरूद, अभनपुर, कांकेर, भानुप्रतापपुर, लखनपुरी, राजिम और दुर्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों से माहेश्वरी समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम में धमतरी जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष आनंद द्वारकानी, महामंत्री विजय राठी, महिला मंडल की जिला अध्यक्ष प्रीति केला, युवा संगठन के जिला अध्यक्ष प्रतीक केला, महामंत्री गिरीश माहेश्वरी, संगठन मंत्री ऋषभ भूतड़ा, सांस्कृतिक मंत्री सौरभ गांधी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के प्रतिनिधियों में राजेश गांधी, राहुल राठी, प्रतीक भट्टड़ और राहुल भूतड़ा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
करहीभदर माहेश्वरी समाज एवं महिला मंडल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में समाजजनों ने आयोजन में सहभागिता की। प्राकृतिक झरने के जल से सामूहिक रूप से भगवान शिव का अभिषेक करने की इस अनूठी पहल ने सावन की धार्मिक आस्था को सामूहिक एकता और सामाजिक सहभागिता से जोड़ दिया।
मानव श्रृंखला बनाकर बहते झरने के जल से किया सहस्त्र जलधारा अभिषेक, शिवमय हुआ सिया देवी
