सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुमगांव में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आवश्यक कार्यों पर हुई चर्चा

जीवन दीप समिति की साधारण सभा की बैठक सम्पन्न

महासमुंद – सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुमगांव के सभागार में आज शुक्रवार को जीवन दीप समिति की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासमुंद विधायक  योगेश्वर राजू सिन्हा ने की। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में आमजन को बेहतर एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, अस्पताल में निर्माण संबंधी कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में अस्पताल में जनसमुदाय की आवश्यकता के अनुरूप स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार एवं उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही अस्पताल भवन एवं परिसर में आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य, मरीजों एवं उनके परिजनों की सुविधा, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के संबंध में चर्चा हुई। बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन, उनकी कार्य अवधि में वृद्धि सहित अन्य आवश्यकताओं पर भी विचार किया गया।बैठक में विभिन्न एजेण्डों पर चर्चा के उपरांत आवश्यक कार्यों की पूर्ति एवं स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रस्ताव पारित किए गए। विधायक श्री सिन्हा ने अधिकारियों को प्रस्तावित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर जनपद पंचायत महासमुंद की अध्यक्ष श्रीमती दिशा रामस्वरूप दीवान, नगर पंचायत तुमगांव के अध्यक्ष  बलराम कान्त साहू, पार्षद  शत्रुहन निषाद, जनप्रतिनिधि  मोतीराम साहू, नगर पंचायत तुमगांव के पूर्व अध्यक्ष  पप्पू पटेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत महासमुंद, खण्ड चिकित्सा अधिकारी, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख, विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक, बीईटीओ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि गण उपस्थित रहे।