शिवसेना (यूबीटी) ने हिंगनझर के मृतक मजदूर के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग की।

दुर्गकोदल – विगत दिनों दुर्गकोदल विकासखंड के ग्राम हिंगनझर में पाइपलाइन बिछाने के कार्य के दौरान एक मजदूर की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मजदूर पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही असमय मृत्यु हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही शिवसेना (यूबीटी) का एक प्रतिनिधि मंडल ग्राम हिंगनझर पहुंचा और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा उनकी स्थिति का जायजा लिया।

शिवसेना प्रदेश महासचिव महेश वासुदेव दुबे जी ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि मृतक मजदूर अत्यंत गरीब परिवार से संबंध रखता था और उसके छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है तथा जीविका का कोई स्थायी साधन नहीं है। ऐसी स्थिति में परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

शिवसेना (यूबीटी) ने राज्य सरकार से मांग की है कि मृतक मजदूर के परिजनों को शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। साथ ही उन्होंने प्रशासन से इस घटना की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की भी मांग की है।