कांकेर – शिवसेना के वरिष्ठ नेता महेश वासुदेव दुबे ने एक वीडियो जारी कर भानुप्रतापपुर से धनेलीकन्हार तक क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग की मरम्मत के नाम पर की जा रही लीपा-पोती पर जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराया है। आंदोलन के चेतावनी के बाद शुरू हुआ कार्य शिवसेना नेता महेश वासुदेव दुबे ने बताया कि विगत समय में शिवसेना ने इस जर्जर सड़क मार्ग को लेकर जिला प्रशासन और भानूप्रतापपुर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि यदि 15 दिनों के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो शिवसेना चक्काजाम आंदोलन करेगी। इस चेतावनी के बाद ही लोक निर्माण विभाग भानुप्रतापपुर एवं लोक निर्माण विभाग कांकेर द्वारा सड़क के मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया गया। जारी वीडियो में दुबे ने आरोप लगाया है कि यह मरम्मत कार्य केवल खानापूर्ति और लिपा-पोती मात्र है जिससे सड़क की स्थिति में कोई वास्तविक सुधार नहीं होगा। शिवसेना इस घटिया स्तर के कार्य का कड़ा विरोध करती है। शिवसेना नेता ने प्रशासन से मांग की है कि उक्त मार्ग का उचित और टिकाऊ मरम्मत कराया जाए। ताकि इसे सुगम बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण आमजनता को यात्राएं करने में भारी दिक्कत हो रही है शिवसेना ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया और सड़क का उचित निर्माण नहीं कराया तो वह आगे मजबूत आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
