कोयलीबेड़ा के खंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार शील निभा रहे दोहरी जिम्मेदारी, प्रशासन के साथ कर रहे नियमित अध्यापन

पखांजूर/कोयलीबेड़ा – शिक्षा विभाग में प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ शैक्षणिक गुणवत्ता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। विकासखंड कोयलीबेड़ा के खंड शिक्षा अधिकारी श्री देव कुमार शील अपने प्रशासनिक कार्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाने का कार्य भी कर रहे हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग के प्रशासनिक पदों से संगलग्निकरण समाप्त होने के बाद श्री शील पर खंड शिक्षा कार्यालय के सभी कार्यों के साथ अतिरिक्त प्रभार भी है। इसके बावजूद वे हायर सेकेंडरी स्कूल पखांजूर में कक्षा 12वीं वाणिज्य विषय के विद्यार्थियों को नियमित रूप से अध्यापन कराते हैं। उनके इस प्रयास से विद्यार्थियों को सीधे अनुभवी अधिकारी से मार्गदर्शन मिल रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई में गुणवत्ता का सुधार देखा जा रहा है।

इसके अलावा श्री शील द्वारा कोयलीबेड़ा विकासखंड के विभिन्न शालाओं का सतत निरीक्षण भी किया जा रहा है। दिनांक 27 जुलाई 2026 को उन्होंने शासकीय आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल (सेजेस) बांदे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया और विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें प्रेरित भी किया।स्थानीय शिक्षकों और अभिभावकों ने खंड शिक्षा अधिकारी के इस समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारी का इस तरह सीधे शिक्षण कार्य से जुड़ना शिक्षा व्यवस्था के लिए बेहद सकारात्मक संकेत है। श्री शील का यह प्रयास अन्य अधिकारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।