पखांजूर: सूरजगढ़ माइंस के ओवरलोड और बेकाबू गति से दौड़ रहे भारी वाहनों का आतंक क्षेत्र में लगातार बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार सुबह लगभग 9:30 बजे एक बार फिर बड़गांव में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सूरजगढ़ माइंस की एक बेहद तेज रफ्तार गाड़ी ने बड़गांव स्थित वनोपज जांच नाके को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा स्वयं निर्मित यह नाका टूटकर सीधे ज़मीन पर गिर गया। हादसे के बाद बेपरवाह ट्रक चालक वाहन को रोकने के बजाय सीधे आगे की ओर भाग निकला। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के बाद भी जिम्मेदार विभाग द्वारा बेपरवाह ड्राइवर के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, बल्कि टूटे हुए नाके की विभाग ने खुद ही मरम्मत कर ली।जिस जगह पर यह नाका स्थित है, वहां से रोजाना स्कूली बच्चे आमने-सामने से होकर आते-जाते हैं। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई बच्चा वहां से नहीं गुजर रहा था, वरना चालक की इस घोर लापरवाही से बड़ी अनहोनी हो सकती थी। घटना के बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों में भारी गुस्सा देखा जा रहा है। बड़गांव चौक से रोजाना माइंस की दर्जनों गाड़ियों का काफिला एक साथ गुजरता है, जिनकी रफ्तार बेहद तेज होती है। बताया जा रहा है कि यही माइंस वाहन अक्सर देर रात भी बड़गांव से बेहद खतरनाक रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है।हाल ही में पखांजूर में भी माइंस की एक गाड़ी द्वारा गाय के बछड़े को कुचलने का दर्दनाक मामला सामने आया था। उस घटना के बाद भी दोषी ट्रक ड्राइवर के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते माइंस चालकों के हौसले बुलंद हैं। इन भारी-भरकम गाड़ियों के लगातार बेकाबू होकर चलने से सड़कें पूरी तरह खस्ताहाल हो चुकी हैं और बड़गांव में जगह-जगह दर्जनों बड़े गड्ढे हो गए हैं। सड़कों की इस बदहाली से राहगीरों का चलना दूभर हो गया है। हालांकि, माइंस प्रबंधन द्वारा कुछ जगहों पर गड्ढों को पटाने (भरने) का प्रयास किया गया है, लेकिन स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। माइंस की गाड़ियों के लगातार इस परिचालन और अव्यवस्था के विरोध में घटना से ठीक एक दिन पूर्व कांग्रेस पार्टी द्वारा भी उग्र प्रदर्शन कर विरोध जताया गया था। इसके साथ ही माइंस की गाड़ियों की अनियंत्रित आवाजाही पर विराम लगाने के लिए क्षेत्र के कई सामाजिक व अन्य संगठन भी सड़कों पर उतर आए हैं।
इस संबंध में
थाना प्रभारी, बड़गांव — अनिल पालेश्वर से बातचीत करने पर उन्होंने बताया की
“बड़गांव नाके में हुई लापरवाही और दुर्घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। संबंधित वाहन की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के उपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पहल की जा रही है।”
