जिले के उभरते क्रिकेट सितारों का महामुकाबला, 110 खिलाड़ियों ने आजमाया दम,पीएम श्री स्कूल मैदान में अंडर-14, 17 व 19 वर्ग का जिला स्तरीय चयन ट्रायल सम्पन्न

गरियाबंद – स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में मंगलवार को पीएम श्री स्कूल, गरियाबंद के खेल मैदान में जिला स्तरीय क्रिकेट ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल में जिले के चारों विकासखंड—गरियाबंद, मैनपुर, छुरा और फिंगेश्वर—से चयनित खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।जिला स्तरीय चयन परीक्षण में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के लगभग 110 बालक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, बालिका वर्ग में भी गरियाबंद, मैनपुर, छुरा और फिंगेश्वर से बड़ी संख्या में खिलाड़ी ट्रायल देने पहुंचीं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन तकनीकी समिति द्वारा बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग एवं शारीरिक दक्षता के आधार पर किया गया।

गौरतलब है कि 10 जुलाई को चारों विकासखंडों में विकासखंड स्तरीय ट्रायल आयोजित किए गए थे। इनमें चयनित खिलाड़ियों को जिला स्तरीय ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया, जहां उनके प्रदर्शन के आधार पर आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए संभावित टीम का चयन किया जाएगा।

ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों में चयन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। खेल मैदान में पूरे दिन प्रतिस्पर्धात्मक माहौल बना रहा और खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया।

ट्रायल को सफल बनाने में नोडल अधिकारी संजीव साहू, सूरज महादिक, देवेंद्र वंजारी , नंद कुमार रात्रे, निलेश देवांगन, खुमेश साहू, दानवीर साहू, देवेंद्र पांडे, महेंद्र राजपूत, महेंद्र यादव, एस. नारायण, जीतू सेन, डोमेश्वर ध्रुव, पंकज साहू तथा गोप कुमार वत्सल गुप्ता (मैनपुर) सहित अन्य खेल अधिकारियों एवं शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।चयन समिति ने बताया कि ट्रायल में प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की सूची तैयार कर नियमानुसार अगले चरण की चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिले के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए यह ट्रायल अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।