डायल 112 की टीम ने घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल में किया भर्ती।
गरियाबंद– डायल 112 के माध्यम से गरियाबंद पुलिस को सूचना मिली कि फाॅरेस्ट काॅलोनी में एक विशाल नीलगिरी का पेड़ एक मकान पर गिर गया है। इस हादसे में घर के अंदर मौजूद एक महिला पेड़ और मलबे के नीचे दब गई है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम बिना वक्त गंवाए तत्काल घटना स्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुँचकर पुलिस कर्मियों ने स्थानीय लोगोें की मदद से मलबे और भारी पेड़ के नीचे फंसी महिला को अत्यंत सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। महिला को हादसे में चोटें आई थीं। डायल 112 टीम ने संवेदनशीलता दिखाते हुए घायल महिला को तुरंत आपातकालीन वाहन डायल 112 पर बिठाया और बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल गरियाबंद में भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
इस त्वरित और साहसिक रेस्क्यू आॅपरेषन में आरक्षक क्रमांक धनेंद्र कुमार बंजारे और वाहन चालक अनुराग साहू की सराहनीय भूमिका रही।
