कोरबा के शिक्षक पिता की होनहार बेटी नैना चमकीं, नीट यूजी में लहराया परचम

कोरबा – नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा गुरुवार देर रात घोषित नीट यूजी 2026 के परीक्षा परिणामों में कोरबा की होनहार छात्रा नैना साहू ने शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बचपन से ही मेधावी रहीं नैना ने इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में 720 में से 520 अंक अर्जित कर 96.67 परसेंटाइल प्राप्त किया है। उनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि शुरुआत से ही उत्कृष्ट रही है, जिसके तहत उन्होंने अपनी 10वीं बोर्ड परीक्षा में 94 प्रतिशत और 12वीं में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। नैना ने बताया कि उन्होंने कक्षा 11वीं से ही नीट को अपना मुख्य लक्ष्य बना लिया था और वे नियमित रूप से रोजाना 8 से 10 घंटे तक अध्ययन करती थीं। अपनी तैयारी की रणनीति साझा करते हुए उन्होंने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन कोचिंग के जरिए पढ़ाई की, और परीक्षा के माहौल को समझने व अपनी गलतियों को सुधारने के लिए भिलाई में रहकर ऑफलाइन टेस्ट सीरीज ज्वाइन की थी। डिजिटल पढ़ाई और ऑफलाइन मूल्यांकन के इसी सटीक तालमेल व निरंतर प्रयास की बदौलत उन्हें यह शानदार सफलता मिली है।नैना की इस गौरवपूर्ण कामयाबी के पीछे उनके परिवार का बड़ा त्याग, अटूट विश्वास और समर्पण रहा है। उनके पिता रामनारायण साहू सरस्वती शिशु मंदिर बलगी प्रोजेक्ट में शिक्षक हैं और साथ ही जीवन बीमा अभिकर्ता (एलआईसी एजेंट) के रूप में भी सेवाएं देते हैं, जबकि उनकी माता नीलिमा साहू एक गृहिणी हैं। तीन बहनों में सबसे बड़ी बहन कृति साहू भिलाई में ही नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं और सबसे छोटी बहन अभी आठवीं कक्षा में अध्ययनरत है। मध्यमवर्गीय परिवार के त्याग और नैना की निरंतर मेहनत ने आखिरकार रंग लाया है और उनके डॉक्टर बनने के सपने को उड़ान दी है। इस शानदार और ऐतिहासिक उपलब्धि पर नैना साहू को उनके शिक्षकों, सहपाठियों, मित्रों, समाज के प्रबुद्ध लोगों और समस्त क्षेत्रवासियों से लगातार बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं मिल रही हैं।