पखांजूर – परलकोट जनकल्याण संस्था पखांजूर द्वारा सामाजिक सेवा के क्षेत्र में एक और सराहनीय पहल करते हुए आज दुर्गकोंदल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत गोडपाल स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में अध्ययनरत स्कूली बच्चों को कॉपी एवं कलम वितरित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पठन-पाठन के लिए प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।संस्था के पदाधिकारियों ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन में रहने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। इस दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और वे कॉपी-कलम पाकर बेहद खुश नजर आए।कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामवासियों एवं विद्यालय के शिक्षकों ने संस्था की इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि संस्था भविष्य में भी इसी तरह समाज सेवा के कार्य करती रहेगी।परलकोट जनकल्याण संस्था द्वारा किए जा रहे इस प्रकार के कार्य क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
